चंडीगढ़। सेक्टर-34 स्थित एक्सिस बैंक की मुख्य शाखा से 4.04 करोड़ रुपये चोरी करने वाले बैंक के सुरक्षाकर्मी सुनील कुमार (32) का 24 घंटे बाद भी कोई सुराग नहीं लगा है। आरोपी को पकड़ने के लिए रविवार रात पुलिस टीम मोरनी के गांव बाबडवाली भोज कुदाना स्थित सुनील के घर पहुंची लेकिन वहां आरोपी के माता-पिता के अलावा कोई और नहीं मिला। पूछताछ में माता-पिता ने बताया कि सुनील करीब छह महीने से घर नहीं आया है। पुलिस को शक है कि आरोपी ने परिजनों और दोस्तों से दूर रहकर चोरी करने की साजिश रची ताकि उसका सुराग न लग सके।
वहीं, पुलिस की दूसरी टीम मोहाली के कुंभड़ा पहुंची, यहां पर आरोपी सुनील पीजी में एक दोस्त के साथ रहता था। पूछताछ में पीजी में रहने वाले उसके दोस्त ने बयान दिया कि सुनील दो दिन से कमरे पर नहीं आया है। इसके अलावा उसे इस संबंध में कोई जानकारी नहीं है। सुनील ज्यादातर पीजी में आता ही नहीं था। वह दिनभर कहां रहता था, किसी को कुछ नहीं पता। वहीं, दूसरी तरफ पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि सुनील सेक्टर-34 स्थित एक्सिस बैंक में बाइक से आया करता था लेकिन उसकी बाइक न तो मोरनी स्थित घर पर मिली और न ही मोहाली वाले पीजी में। पुलिस अब सेक्टर-34 के लाइट प्वाइंट पर लगे सीसीटीवी कैमरों को भी खंगाल रही है ताकि आरोपी के भागने की लोकेशन के बारे में पता चल सके। वहीं, पुलिस बैंक के कर्मचारियों की भूमिका की भी जांच कर रही है।
बॉक्स
पत्नी से हो चुका है तलाक
पुलिस की प्राथमिक जांच में सामने आया है कि सुनील की कुछ साल पहले ही शादी हुई थी लेकिन उसका पत्नी से तलाक हो चुका है। पुलिस अब पत्नी की भूमिका के एंगल पर भी जांच करने में जुट गई है। वहीं, आरोपी का मोबाइल नंबर वारदात वाली रात से ही बंद आ रहा है। ऐसे में पुलिस मानकर चल रही है कि सुनील ने साजिश रचकर वारदात को अंजाम दिया है।
बॉक्स
फुटेज में बैग लेकर कर रहा ताकझांक
बता दें कि बैंक में जिस जगह रुपयों से भरा बक्सा रखा गया था, वहां पर कोई भी सीसीटीवी कैमरा नहीं लगा है, लेकिन एक सीसीटीवी फुटेज में आरोपी सुनील कैद हुआ है। इस फुटेज में दिख रहा है कि वह बार-बार अंदर बाहर होकर ताकझांक कर रहा है। इसके बाद वह एक बैग लेकर चोरी छिपे वहां से चला जाता है। वहीं पुलिस का कहना है कि सुनील को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं जल्द ही उसे दबोच लिया जाएगा।
बॉक्स
10 हजार के इनाम की घोषणा वाला पत्र सोशल मीडिया पर वायरल, एसएसपी ने किया इनकार
सोमवार को सोशल मीडिया पर यूटी पुलिस का एक पत्र वायरल हो गया। इसमें एक्सिस बैंक से 4.04 करोड़ चोरी करने वाले आरोपी सुनील का पता बताने वाले को 10 हजार रुपये इनाम की बात कही गई थी। हालांकि एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने आरोपी पर इनाम घोषित करने की बात से इनकार कर दिया।