चंडीगढ़। सेक्टर-32 स्थित गोस्वामी गणेश दत्त सनातन धर्म कॉलेज में 66 वें पंजाब यूनिवर्सिटी जोनल यूथ एंड हेरिटेज फेस्टिवल 2025 का पहला चरण शनिवार से शुरू हो रहा है। कॉलेज ने फेस्टिवल को लेकर तैयारियां पूरी कर ली है। शुक्रवार को विद्यार्थी कार्यक्रम की तैयारी करते दिखाई दिए। कोई इंस्ट्रूमेंट बजा रहा था तो कोई अपनी डांस परफॉर्मेंस की प्रैक्टिस में जुटा था।
शनिवार को विद्यार्थी अपनी प्रस्तुतियों से धमाल मचाएंगे। इस कार्यक्रम का सभी विद्यार्थी बेसब्री से इंतजार करते हैं। खासकर जिनकी रुचि कला में है उनके लिए अपनी प्रतिभा को दिखाने का यह महत्वपूर्ण प्लेटफॉर्म है।
दूसरा चरण दो नवंबर को होगा। इसमें संगीत, नृत्य, रंगमंच, साहित्य और ललित कलाओं में विविध प्रकार की प्रतियोगिताएं प्रदर्शित की जाएंगी। एसडी कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. अजय शर्मा ने कहा कि फेस्टिवल की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कॉलेज पूरी तरह से कार्यक्रम की मेजबानी करने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि फेस्टिवल की मेजबानी करना उनके लिए सम्मान की बात है। यह फेस्टिवल वह मंच हैं जहां विद्यार्थियों के अंदर छिपी प्रतिभा का पता चलता है।