ऊधमपुर में दबोचा गया आतंकी कासिम पंजाब के दीनानगर में हुए आतंकी हमले से जुड़े कई राज खोला सकता है। इसके लिए पंजाब की खुफिया एजेंसियों का एक दल जेएंडके रवाना हो चुका है, ताकि उधमपुर में हुए हमले का पूरा ब्योरा जुटाया जा सके।
एजेंसियां इस बात को लेकर भी सतर्क हैं कि पकड़े गए आतंकवादी से पंजाब में हुए दीनानगर हमले का ब्योरा या फिर मारे गए आतंकवादियों के नाम पते मिल सकें। यह दल वीरवार को वहां से पूरी रिपोर्ट तैयार कर एडीजीपी खुफिया को सौंप देगा।
इसके अलावा बंगा, नवांशहर, लुधियाना में सेटेलाइट सिग्नल जिस तरह से मिल रहे हैं, उसको लेकर पूरी चौकसी बरती जा रही है। उम्मीद है कि पकड़े गए आतंकवादी से पंजाब में हुए हमले का राज खुल सकता है। बुधवार को जम्मू-कश्मीर के उधमपुर की घटना के बाद फिर पंजाब पुलिस ने जेएंडके से सटी अपनी सीमा पर चौकसी बढ़ा दी है।
साथ ही बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स ने गश्त तेज कर दी है। 2014 से पाकिस्तानी आतंकवादियों का एक ही मिशन है कि भारत के सुरक्षा बलों पर हमले कर उनका मनोबल तोड़ दिया जाए। 2014 के बाद जितने भी पाक आतंकवादी हमले हुए हैं, वे सुरक्षा बलों पर किए गए हैं। इनमें दीनानगर में आतंकी हमला एक हिस्सा था।
खूफिया एजेंसी ने घुसपैठ को लेकर चेताया था
दरअसल पंजाब की सीमा से पाकिस्तान का 553 किलोमीटर का बॉर्डर सटा हुआ है। सीमा पर कंटीला तार तो लगा है लेकिन काफी हिस्सा ऐसा है, जहां तार नहीं है क्योंकि वहां रावी दरिया के अलावा काफी ऊंचा नीचा रास्ता भी आता है।
इसी साल अप्रैल के शुरू में केंद्रीय खुफियों एजेंसियों ने हाई अलर्ट किया था कि आपरेशनल कैंप में जेहादी आतंकवादी तैयार हो चुके हैं और उनको छोटे-छोटे ग्रुपों में पंजाब या जेएंडके में घुसपैठ करवाई जा सकती है।
सूचना थी कि 30 जेहादी आतंकवादियों का जत्था पुंछ एरिया में बॉर्डर पर तैयार बैठा है, जो उपयुक्त समय के इंतजार में है। केंद्रीय एजेंसियों ने यह भी कहा था कि 10 जेहादी आंतकवादियों का जत्था नंगी पोस्ट व 6 जेहादी एक निकट ही गांव में बैठे हुए हैं।
इन आतंकवादियों को घुसपैठ करवाने के लिए इरादे से 19 अप्रैल को पंजाब से सटे कठुआ की सीमा पर पाक रेंजर्स ने फायरिंग कर ध्यान भटकाकर घुसपैठ की कोशिश करवाई थी।
दीनानगर जैसा ही था ऊधमपुर आतंकी हमला
28 मार्च 2014 को पंजाब सीमा से सटे कठुआ में तीन आतंकवादियों ने घुसकर फायरिंग कर दी थी, जिसमें दो पुलिस मुलाजिम शहीद हो गए थे।
तीनों आतंकवादी लश्करे तैयबा से संबंधित थे और उनका वारदात का तौर तरीका दीनानगर की घटना जैसा ही था। बुधवार को जो हमला उधमपुर में हुआ है, वह भी उसी तरह का था।
तीनों हमलों में आर्म्ड फोर्स को निशाना बनाया गया। आठ मई 2015 को पंजाब बार्डर से कुछ दूरी पर स्थित मीनाहेर सेक्टर में आतंकवादियों ने घुसपैठ की थी और उनका हमला ठीक वैसे ही था जैसा दीनानगर में हुआ। उनके पास जीपीएस सिस्टम के अलावा चाइनीज ग्रेनेड व चार एके-47 भी मिली थी।