डीएवी कॉलेज सेक्टर 10 में अर्जुन तेंदुलकर को टिप्स देते योगराज सिंह।
- फोटो : CHANDIGARH
युवराज सिंह के बाद अब उनके पिता योगराज सिंह मास्टर ब्लास्टर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर को एक कामयाब क्रिकेटर बनाने में जुट गए हैं। योगराज सिंह ने अपने बेटे युवी को फोन कर कहा है कि सचिन से कहो कि मुझे केवल छह महीने का समय दे। मैं अर्जुन को ऐसा तैयार कर दूंगा कि वह भविष्य में बाएं हाथ का बेहतर ऑलराउंडर बनकर उभरेगा। इसके लिए चाहे मुझे चंडीगढ़ से मुंबई भी क्यों न जाना पड़े।
युवराज सिंह को सिक्सर किंग बनाने में उनके पिता योगराज सिंह का बड़ा हाथ था। पिता की कड़ी ट्रेनिंग ने ही उन्हें भारतीय टीम का स्टार क्रिकेटर बनवाया था। अर्जुन आजकल सिटी ब्यूटीफुल में हैं और जेपी अत्रे मेमोरियल क्रिकेट टूर्नामेंट में हिस्सा ले रहे हैं। वह गोवा टीम की ओर से खेल रहे हैं। टूर्नामेंट के साथ ही वह योगराज सिंह से ट्रेनिंग ले रहे हैं। नेट्स पर बल्लेबाजी और गेंदबाजी की कड़ी ट्रेनिंग वे डीएवी कॉलेज सेक्टर-10 में लेते हैं। यहां पर उनके गेंदबाजी एक्शन और बल्लेबाजी के शॉट्स लगाने पर अधिक फोकस रहता है। वहीं, मानसिक और शारीरिक तौर पर मजबूत बनाने के लिए योगराज सिंह अर्जुन को सेक्टर-9 स्थित जिम में रोजाना शाम दो घंटे से अधिक समय तक ट्रेनिंग दे रहे हैं।
युवी और सचिन में बेहतर कैमिस्ट्री, मेरा युवी की तरह अर्जुन से गहरा लगाव
योगराज सिंह ने बताया कि सचिन और युवराज सिंह जब क्रिकेट खेलते थे, उस समय से ही दोनों के बीच बेहतर कैमिस्ट्री थी और आज भी दोनों के बीच काफी लगाव है। ऐसे में जब अर्जुन के शहर में जेपी अत्रे मेमोरियल में खेलने की बात पता लगी तो युवी ने तुरंत फोन कर इसकी जानकारी दी। मैंने युवी को अर्जुन को डीएवी कॉलेज में मिलने के लिए कहा। इसके बाद वह गोवा की टीम के कुछ खिलाड़ियों के साथ मिलने आया। मेरा युवी की तरह ही अर्जुन से गहरा लगाव है।
मनन वोहरा को भी कड़ी ट्रेनिंग देकर बना चुके हैं कामयाब क्रिकेटर
योगराज ने कहा कि अर्जुन छह फुट का और काफी मेहनती बच्चा है। यह बात समझ में नहीं आई कि आज तक उसे ग्रूम क्यों नहीं किया गया। उस पर काम करने की जरूरत है। अंडर-19 वर्ल्ड कप की विजेता टीम के खिलाड़ी मनन वोहरा को भी योगराज सिंह ने कड़ी ट्रेनिंग से इस मुकाम तक पहुंचाया है। अब वह आईपीएल में खेल रहे हैं। मनन रणजी टीम में यूटी क्रिकेट टीम के कप्तान के तौर पर खेलते हैं। मनन वोहरा को योगराज सिंह उनके घर की छत पर नेट्स लगवाकर रोजाना ट्रेनिंग देने के लिए जाते थे।