‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ के तहत विद्यार्थी 11 हजार रुपये का नकद इनाम जीत सकते हैं। इसके लिए बस आपको 15 जनवरी को देशभर के सभी सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों में सुबह 11 बजे होने वाली प्रतियोगिता के बाद राज्यस्तर पर विजेता बनना होगा।
दरअसल सरकार ने राज्यस्तर पर प्रथम आने वाले तीनों प्रतियोगिताओं के विजेताओं को 11-11 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा की है। सरकार की इस योजना के तहत एक पंथ दो काज होंगे। इससे बच्चों में रचनात्मकता का विकास तो होगा ही साथ ही बेटी को बचाने व पढ़ाने के लिए जनता आगे आएगी। बच्चों में शुरू से ही लड़कियों के प्रति सकारात्मक भावों का जन्म भी होगा।
लिहाजा इस अभियान को सफल बनाने के लिए हर स्कूल के विद्यार्थियों को हिस्सा लेना अनिवार्य करने के आदेश भी जारी किए गए हैं। योजना को सही तरीके से सफल बनाने के लिए 14 जनवरी को स्कूल एजुकेशन डिपार्टमेंट के प्रिंसिपल सेक्रेटरी टीसी गुप्ता सभी स्कूल मुखियाओं व स्कूल पदाधिकारियों को एजुसेट के माध्यम से वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिये संबोधित करते हुए दिशा निर्देश देंगे।
41 लाख विद्यार्थी एक साथ लेंगे कंपटीशन में हिस्सा
देशभर में 20 हजार सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों से करीब 41 लाख विद्यार्थी इस अभियान के तहत 15 जनवरी को सुबह 11 बजे होने वाली प्रतियोगिता का हिस्सा बनेंगे। यह अपने आप में एक तरह का रिकॉर्ड होगा। प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले विद्यार्थी को अपने जिले के लिंगानुपात व कुल बालिका जन्म के बारे में बताना होगा। इसके लिए शिक्षा विभाग ने सभी स्कूलों के पास देशभर में कुल बालिका व लिंगानुपात की स्थिति की लिस्ट भेज दी है।
देश के 100 जिलों का चयन, 12 हरियाणा के
पहले चरण में देशभर के 100 उन जिलों का चयन किया गया है जहां पर लिंगानुपात बेहद कम है। इनमें 12 जिले हरियाणा के भी हैं।
यह रहेगा परीक्षा का स्वरूप
परीक्षा दो लेवल की होगी, छठी से आठवीं और नौवीं से 12वीं। छठी से आठवीं तक के विद्यार्थियों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ पर 250 शब्दों से 500 शब्द तक 1 घंटे में लिखना होगा। दूसरे लेवल वालों को 500 से 800 शब्दों में इतने ही समय में लिखना होगा।
स्लोगन प्रतियोगिता भी दो लेवल पर ही होगी, जबकि पेंटिंग प्रतियोगिता में पहली से 5वीं कक्षा तक के विद्यार्थी शामिल होंगे। सरकारी स्कूलों में पेंटिंग के लिए सामान स्कूल की ओर से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।
विजेताओं को इस तरह मिलेगा इनाम
खंड स्तर पर विजेता को 1 हजार, दूसरे को 750 व तीसरे को 500 रुपये दिए जाएंगे। जिला स्तर पर विजेता को 3 हजार, उपविजेता को 2 व तीसरे नंबर पर रहने वाले को 1 हजार रुपये दिए जाएंगे।
राज्यस्तर पर प्रथम आने वाले को 11 हजार, दूसरे को 7500 और तीसरे नंबर पर आने वाले को 5 हजार रुपये का नकद इनाम दिया जाएगा। हर वर्ग से अलग-अलग विजेता होंगे। स्कूल स्तर पर विजेताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।
व्हाट्स एप और सोशल मीडिया का लिया जाएगा सहारा
इस अभियान को सफल बनाने के लिए सभी स्कूल संचालक व्हाट्स एप द्वारा लोगों को योजना के बारे में बताएंगे। साथ ही फेसबुक व अन्य सभी सोशल मीडिया के जरिये बच्चों, उनके अभिभावकों के साथ अन्य लोगों को भी जोड़ा जाएगा।
इतना ही नहीं बच्चों को कहानी, फिल्म या प्रेरक प्रसंगों के जरिये 12 से 14 जनवरी तक प्रतियोगिता के लिए मानसिक रूप से तैयार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
चार दिन होंगी परीक्षाएं
15 जनवरी को देशभर के सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों में स्कूल स्तरीय परीक्षा होगी। इसका रिजल्ट 16 जनवरी तक आला अधिकारियों को भेजा जाएगा। 17 को खंडस्तरीय परीक्षा होगी, इसका परिणाम 18 जनवरी तक भेजना होगा। 18 को जिलास्तरीय और 19 को राज्यस्तरीय परीक्षा होगी। इसका परिणाम 20 जनवरी को एससीईआरटी कार्यालय भेजना होगा।