चंडीगढ़। सातवें वेतनमान को लागू करवाने और शिक्षकों के वेतनमान को विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) से अलग करने के पंजाब सरकार के फैसले को रद्द करवाने के लिए चंडीगढ़ के विभिन्न कॉलेजों के शिक्षकों ने पंजाब के शिक्षकों के साथ मिलकर बठिंडा में प्रदर्शन किया। शिक्षकों ने बठिंडा में मनप्रीत बादल के कार्यालय के बाहर धरना दिया। इसके साथ ही डीएवी कॉलेज-10 के शिक्षकों ने परिसर में चल रही भूख हड़ताल को भी मंगलवार को जारी रखा।
पीफुक्टो के आह्वान पर कॉलेज के शिक्षकों ने पहले मंत्री बादल के कार्यालय के बाहर श्याम ढाबा के सामने एकत्रित हुए। इसके बाद शिक्षकों ने हनुमान चौक से फौजी चौक और मिनी सचिवालय होते हुए बठिंडा डीसी कार्यालय तक रोष मार्च निकाला। इसमें एक हजार से अधिक शिक्षक शामिल हुए। चंडीगढ़ के निजी सहायता प्राप्त कॉलेजों के शिक्षक संघ के सदस्यों ने भी विरोध में हिस्सा लिया।
डीएवी कॉलेज में शिक्षकों की भूख हड़ताल जारी
डीएवी कॉलेज-10 में जारी भूख हड़ताल मंगलवार को 35वें दिन में प्रवेश कर गई। भूख हड़ताल में सुबह नौ से शाम पांच बजे तक डीएवी कॉलेज-10 की डॉ. सुतापा सरयाल, डॉ. सुषमा सैनी और डॉ नीति गुप्ता बैठी। शाम पांच से बुधवार सुबह नौ बजे तक डीएवी कॉलेज के डॉ. आशीष कपूर, डॉ. करन सिंह विनायक और डॉ. राजन भंडारी ने भूख हड़ताल जारी रखी