चंडीगढ़। सातवें वेतनमान की मांग को लेकर शिक्षकों की भूख हड़ताल सोमवार को भी जारी रही। शिक्षकों का कहना है कि सरकार उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रही है। भूख हड़ताल का समर्थन पीयू के छात्रों ने भी किया।
पीयू के गेस्ट हाउस के पास शिक्षक एकत्रित हुए। उसके बाद सुबह नौ बजे से वे भूख हड़ताल पर बैठे। शिक्षकों ने कहा कि सातवें वेतनमान का लाभ दिया जाना था जो अभी तक नहीं दिया गया। पंजाब सरकार को चेतावनी देते कहा कि जल्द इसका लाभ दिया जाए। जब तक मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक प्रदर्शन जारी रहेगा। वहीं शिक्षकों ने दूसरी मांग भी सामने रखते कहा कि पंजाब के सरकारी कॉलेजों में तैनात होने वाले असिस्टेंट प्रोफेसरों को यूजीसी का ग्रेड पे दिया जाए। पंजाब सरकार द्वारा घटाया गया ग्रेड पे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सरकार की ओर से जो वेतनमान घटाया गया है, उससे आने वाले समय में शिक्षकों को बड़ा नुकसान होगा। सरकार जल्द शिक्षकों के हितों की ओर ध्यान दे।