चंडीगढ़। 70वें नेशनल स्कूल गेम्स की तैयारियों के लिए छुट्टी के दिन चार सरकारी स्कूलों के पूरे स्टाफ की ड्यूटी लगाने के शिक्षा विभाग के आदेश का विरोध शुरू हो गया है। ज्वाइंट एक्शन कमेटी ऑफ टीचर्स (जेएसी) ने शिक्षा निदेशक को पत्र लिखकर आदेश वापस लेने और छुट्टी के दिन काम करने वाले कर्मचारियों को प्रतिपूरक अवकाश देने की मांग की है।
शिक्षा विभाग ने 13 नवंबर को जारी आदेश में जीएमएसएसएस-37बी, जीएमएसएसएस-37डी, जीएमएसएसएस-35डी और जीएमएचएस-35 के प्रिंसिपल, शिक्षकों, गैर-शिक्षण और ग्रुप-डी कर्मचारियों को 14 नवंबर (दूसरा शनिवार) और 15 नवंबर (रविवार) को स्कूल में उपस्थित रहने के निर्देश दिए हैं। इन स्कूलों में प्रतियोगिता में हिस्सा लेने आने वाले खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था की जाएगी। प्रतियोगिताएं 18 से 22 नवंबर तक होंगी। इनमें करीब 800 खिलाड़ी और अधिकारी हिस्सा लेंगे।
जेएसी महासचिव शिव मूरत यादव ने सवाल उठाया कि जब दूसरे राज्यों की टीमें 17 नवंबर को पहुंचेंगी और 18 नवंबर को उद्घाटन समारोह होना है तो चार दिन पहले पूरे स्टाफ को छुट्टी में बुलाने की क्या जरूरत है? विभाग पहले ही अलग-अलग कमेटियां बनाकर ड्यूटी लगा चुका है। जरूरत पड़ने पर केवल संबंधित कमेटियों और जरूरी कर्मचारियों को बुलाया जाना चाहिए।
प्रतिपूरक अवकाश का लिखित आदेश जारी करने की मांग
जेएसी ने कहा कि विभाग के आदेश में छुट्टी के दिन ड्यूटी करने वालों को बदले में अवकाश देने का उल्लेख नहीं है। कमेटी ने अनिवार्य ड्यूटी का आदेश वापस लेने और ड्यूटी करने वाले कर्मचारियों को प्रतिपूरक अवकाश देने का लिखित आदेश जारी करने की मांग की है।