चंडीगढ़। पंजाब विश्वविद्यालय टीचर्स एसोसिएशन (पुटा) के पदाधिकारियों ने पीफुकटो के बैनर तले पीयू गेस्ट हाउस के सामने भूख हड़ताल की। शिक्षकों ने सातवां वेतनमान लागू कराने के लिए पहले दिन दो घंटे का कार्य बहिष्कार भी किया।
पुटा के पदाधिकारी सुबह नौ बजे पीयू के गेस्ट हाउस के बाहर पहुंचे और क्रमवार भूख हड़ताल शुरू कर दी। पहले दिन अध्यक्ष मृत्युंजय कुमार, सचिव प्रो. अमरजीत सिंह नौरा, प्रो. सुपिंदर कौर, नितिन अरोड़ा और इंदु धवन भूख हड़ताल पर बैठे। सचिव प्रो. नौरा ने कहा कि यूजीसी के नियमों के मुताबिक शिक्षकों को सातवें वेतनमान का लाभ दिया जाए। शिक्षक लंबे समय से इसकी मांग करते आ रहे हैं, लेकिन पंजाब सरकार इस संबंध में कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है।
उन्होंने यह भी कहा कि असिस्टेंट प्रोफेसरों की नई तैनाती में पंजाब सरकार ने ग्रेड पे कम कर दिया। इससे शिक्षकों को आगामी समय में नुकसान होगा। पंजाब सरकार को नई तैनाती के समय शिक्षकों को यूजीसी के ग्रेड पे के अनुसार ही लाभ देना चाहिए। जब तक मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक शिक्षकों की क्रमवार भूख हड़ताल जारी रहेगी।