चंडीगढ़। सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज के कर्मचारियों ने शनिवार को भूख हड़ताल स्थल पर हवन का आयोजन कर नए साल का स्वागत किया। कॉलेज की परंपरा के अनुसार हवन में मंत्रोच्चारण किया गया, इसमें शिक्षकों और गैर शैक्षणिक कर्मचारियों ने मंत्र और आहुतियों के माध्यम से श्रद्धापूर्वक हवन को संपन्न किया। इसके अलावा शिक्षकों ने 31 दिसंबर की रात को धरना स्थल पर ही अलाव जलाया और ढोल की थाप पर प्रदर्शन के गीत गाकर नववर्ष की खुशियां मनाईं।
शिक्षकों ने इस दौरान परमात्मा से विश्व को महामारी के दर्द से छुटकारा दिलवाने और सामान्य स्थिति बहाल करने की प्रार्थना की। बच्चों ने भी नए साल के दिन अपने अभिभावकों के साथ कॉलेज में प्रदर्शन में हिस्सा लिया। शिक्षकों ने सुबह हवन के बाद कॉलेज से मध्य मार्ग तक हाथों में प्लेकार्ड लेकर रोष मार्च निकाला। शिक्षकों को सातवें वेतनमान के लिए प्रदर्शन करते हुए और भूख हड़ताल पर बैठे हुए एक माह से अधिक का समय हो गया है। शिक्षकों ने बताया कि सरकार की नाकामी के कारण उच्च शैक्षणिक संस्थानों में विद्यार्थियों की पढ़ाई काफी प्रभावित हो रही है। नए साल के दिन शनिवार को भूख हड़ताल में सुबह 9 से शाम 5 बजे तक डीएवी कॉलेज-10 के सेवानिवृत्त प्रो. आरपी सिंह, डॉ. कुलवीर सरा ढींडसा और डॉ. करण सिंह विनायक बैठे। शाम को 5 से लेकर रविवार सुबह 9 बजे तक डीएवी कॉलेज-10 के डॉ. नीरज चमोली, डॉ. नवनीत कुमार और डॉ. पारस अग्रवाल भूख हड़ताल पर बैठे।