कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक खबर वायरल है। इसमें दावा किया जा रहा है कि लाडोवाल टोल प्लाजा से गुजरने पर जेब ढीली करनी पड़ेगी। मगर टोल प्लाजा प्रबंधकों ने ऐसी किसी भी खबर को गलत बताया है। टोल प्लाजा के मैनेजर सरफराज खान का कहना है कि टोल दरों में कोई इजाफा नहीं किया जा रहा है। पहले वाली ही दरें लागू हैं। सितंबर महीने में टोल रेट बढ़ाने की उम्मीद है।
सरफराज खान ने बताया कि पिछले दिनों सोशल मीडिया और मीडिया पर भी चर्चा रही है कि टोल की दरों में इजाफा किया जा रहा है लेकिन ऐसा कुछ नहीं है। कंपनी ने कोई सूचना नहीं दी है। एक सितंबर से लाडोवाल टोल प्लाजा पर दरों में बढ़ोतरी होगी। लेकिन पहले नोटिस जारी होगा। इसके बाद रेट बढ़ाए जाएंगे। सरफराज ने बताया कि उनकी कंपनी का ठेका मई महीने तक है। फिलहाल अभी पुराने रेट ही लागू हैं। लाडोवाल टोल प्लाजा पंजाब में सबसे महंगा है। यहां पर एक तरफ की यात्रा पर 150 रुपये वसूले जाते हैं। वहीं, अगर आने-जाने का टैक्स देना हो तो 225 रुपये लगते हैं।