अब जल्द ही आप न्यूजीलैंड के क्रिकेट मैदान जैसा आनंद अपने पंचकूला के मैदान में ले सकेंगे। सेक्टर 3 का ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम, जिसकी दर्शक दीर्घा को न्यूजीलैंड का लुक दिया जाएगा।
हुडा इस स्टेडियम के भीतर के स्ट्रक्चर को हटाकर उसका ऑक्शन करेगा और उससे मिली राशि के माध्यम से स्टेडियम की दर्शक दीर्घा का हुलिया बदलेगा। इसके आदेश पहले ही दिए जा चुके हैं।
इस महीने की 15 तारीख के बाद से स्टेडियम के रख रखाव का काम भी शुरू कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि पंचकूला का ताऊ देवीलाल क्रिकेट स्टेडियम 2008 में लाइम लाइट में आया था जबकि स्टेडियम में आईसीएल (इंडियन क्रिकेट लीग) का आयोजन किया गया था।
उसके बाद से 2015 तक ताऊ देवी लाल क्रिकेट स्टेडियम का अनुबंध आईसीएल के पास ही था। अनुबंध खत्म होने के बाद अब क्रिकेट स्टेडियम को स्पोर्ट्स डिपार्टमेंट की निगरानी में हुडा द्वारा मेंटेन किया जाएगा।
4 हजार कुर्सियां हटाकर ग्रासी लैंड बनाया जाएगा
क्रिकेट स्टेडियम के भीतर आईसीएल के दौरान लगाए गए लोहे के स्ट्रक्चर और चार हजार कुर्सियों को हटाकर उसे नया लुक दिया जाएगा। स्पोर्ट्स विभाग ने इसके लिए न्यूजीलैंड के स्टेडियम जैसा लुक फाइनल किया है।
न्यूजीलैंड के पवेलियन ज्यादा घास वाले होते हैं। जिसमें बैठकर क्रिकेट का आनंद एकदम अलग आता है। इसके लिए डजाइन न्यूजीलैंड की तर्ज पर ही फाइनल की गई है। क्रिकेट स्टेडियम की फ्लड लाइट्स को चेंज किया जाएगा और स्कोर बोर्ड्स डिजिटल लगाया जाएगा। पेवेलियन में दर्शकों के लिए अलग से वॉशरूम होगा।
कुर्सियां व स्ट्रक्चर हटाने के लिए बनाई थी कमेटी
क्रिकेट स्टेडियम से आयरन स्ट्रक्चर्स, कुर्सियां व अन्य चीजों को हटाए जाने को लेकर पूर्व डीसी विवेक अत्रेय ने कमेटी बनाई थी। इस कमेटी में हुडा के एसई, एक्सईएन, एसडीओ, डिस्ट्रिक्ट स्पोर्ट्स अफसर सहित पांच अधिकारी मौजूद हैं।
सात माह में तैयार होगा यह स्टेडियम
डीएसओ राणा ने बताया कि कमेटी बनने के बाद अब क्रिकेट स्टेडियम से कुर्सियां व स्ट्रक्चर को हटाए जाने का काम जनवरी महीने तक पूरा कर लिया जाएगा। स्टेडियम की पिच, पवेलियन, फ्लड लाइट, स्कोर बोर्ड सहित सभी मुद्दों पर वर्क में 5 से 6 महीने का समय लगेगा। यानी जुलाई या अगस्त तक स्टेडियम बनकर तैयार हो सकेगा।
पिच को भी किया जाएगा मेंटेन
क्रिकेट स्टेडियम के विकेट की सही हालत न होने के कारण रणजी या स्टेट लेवल का टूर्नामेंट आयोजक नहीं कर रहे। इस कारण स्पोर्ट्स विभाग और हुडा को नुकसान हो रहा है।
रणजी लेवल या बेहतर खेलने वाले क्रिकेट इस पिच पर अच्छा नहीं खेल पाते। डीएसओ ने बताया कि पिच को रिले करने के बाद रणजी लेवल का टूर्नामेंट आयोजित किया जाएगा। स्टेडियम का एक दिन का किराया ग्यारह हजार है।