राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के आदर्शों और उनके जीवन की कही-अनसुनी बातों को जानने की इच्छा के कारण पंचकूला के दो सीनियर सिटीजन ने गांधीयन और पीस स्टडीज में मास्टर डिग्री की है।
पंजाब यूनिविर्सिटी में 65वें कन्वोकेशन के दौरान 76 साल के आरपी भारद्वाज को गोल्ड मेडल देकर सम्मानित किया गया। उन्होंने इस मास्टर डिग्री में पहला स्थान हासिल किया है।
वहीं 71 साल के वजीरचंद गोयल दूसरे स्थान पर रहे हैं। इससे पहले ये दोनों तीन-तीन सब्जेक्ट में मास्टर डिग्री कर चुके हैं। यह उनकी चौथी मास्टर डिग्री है। आरपी भारद्वाज होम्योपैथी के डॉक्टर हैं और फ्री सेवा करते हैं।
वजीरचंद गोयल हरियाणा के सफाई विभाग से एक्सईएन रिटायर हुए हैं। पढ़ाई के अलावा इन दोनों ने नेशनल लेवल पर मास्टरर्स चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीते हैं। वजीरचंद गोयल ने 2012 में ताऊ देवीलाल स्टेडियम में स्टेट लेवल एथलेटिक चैंपियनशिप में 100 मीटर रेस में गोल्ड मेडल हासिल किया।
नेशनल स्टेट चैंपियनशिप में अभी तक गोयल कुल 20 मेडल हासिल कर चुके हैं। युवाओं के लिए मैसेज आरपी भारद्वाज और वजीरचंद गोयल ने कहा कि वह इस उम्र में खेलों और पढ़ाई में सही मुकाम हासिल कर सकते हैं तो युवा वर्ग जो मानसिक और शारीरिक तौर पर कई गुणा मजबूत हैं तो वह क्यों नहीं कर सकते। आज देश को ऐसे नौजवान और मजबूत इरादों वाले युवाओं की जरूरत है।