शनिवार को पड़ी धुंध का फायदा उठाकर अपनी मांगों को लेकर दो अध्यापक मोबाइल टावर पर पेट्रोल की बोतलों समेत चढ़ने में कामयाब हो गए।
बस स्टैंड पर स्थित इस मोबाइल टावर पर अध्यापक यूनियन के दो सदस्य सतिंदर सिंह कंग तरनतारन और निशान कपूर कपूरथला शनिवार करीब तीन बजे धुंध का फायदा उठाते हुए टावर पर चढ़ गए और पंजाब सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगे।
हालांकि पंजाब पुलिस द्वारा इलाके में पानी की टंकियों पर पुलिस कर्मचारियों का सख्त पहरा लगाया गया था। पुलिस को पहले से सूचना थी कि अध्यापक पानी की टंकी पर चढ़ेंगे।
पर पानी की टंकी पर चढ़ने की बजाए वह मोबाइल टावर पर चढ़ गए। इनके मोबाइल टावर पर चढ़ने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और टावर के आसपास पुलिस बल तैनात हो गया है।