चंडीगढ़ में हर तरफ कोरोना का खौफ है। इसकी चपेट में हर वर्ग के लोग आ रहे हैं। इससे किसी भी आयु के लोग अछूते नहीं हैं, लेकिन सबसे ज्यादा खतरा बुजुर्गों पर मंडरा रहा है।
विशेषज्ञों का कहना है कि वृद्धावस्था में रोग प्रतिरोधक क्षमता कमजोर होने के कारण वह तेजी से संक्रमण के शिकार हो रहे हैं। जीएमएसएच-16 के कोविड के नोडल ऑफिसर डॉ. हनी साहनी ने बताया कि शहर में कोरोना से मरने वालों में बुजुर्गों की संख्या ज्यादा है। कोरोना के कारण हुई 14 मौतों में 7 वृद्ध शामिल हैं।
इसकी वजह यह है कि ज्यादा उम्र के लोगों का इम्यून सिस्टम कमजोर हो जाता है और उन्हें दूसरी बीमारियां भी होती हैं। इसे देखते हुए स्वास्थ्य मंत्रालय ने विशेष परामर्श जारी किया है। बुजुर्ग लोगों को कोरोना के संक्रमण से बचाव के लिए कुछ खास सावधानियां बरतने की जरूरत है। उन सावधानियों का पालन कर खुद को इस महामारी से काफी हद तक बचा सकते हैं।
विज्ञापन
घर से बाहर न निकलें
किसी भी हालत में घर से बाहर नहीं निकलें। पार्कों में टहलने की जगह घर में ही टहलें और एक्सरसाइज करें। बाहर से किसी के आने पर अगर मिलना जरूरी हो तो एक मीटर की दूरी रख कर ही मिलें। नियमित अंतराल पर साबुन से हाथ और चेहरा धोएं। साफ-सफाई का पूरा ख्याल रखें।
पहले से चल रही दवाइयां लेते रहें
अगर बुजुर्ग लोग पहले से उच्च रक्तचाप, डायबिटीज और दिल से जुड़ी बीमारियों की दवाइयां ले रहे हैं, तो उन्हें पहले की तरह ही लेते रहें। अगर सर्दी-जुकाम और बुखार की शिकायत होती है, तो नजदीक के किसी डॉक्टर से सलाह लेकर दवाई लें। बिना डॉक्टर की सलाह लिए केमिस्ट से कोई भी दवा नहीं लें।
ताजा खाना खाएं
हमेशा ताजा खाना खाएं। यह ध्यान रखें कि खाना पौष्टिक और आसानी से पचने वाला हो। गरिष्ठ चीजों के सेवन से परहेज करें। सादी रोटी, दाल और हरी सब्जियों के साथ पर्याप्त मात्रा में दूध और दही लें। मांसाहार से हर हाल में परहेज करें।
रोज कम से कम 7-8 गिलास पानी जरूर पीएं। एक बार में ज्यादा पानी नहीं पीएं। नियमित अंतराल पर थोड़ा-थोड़ा पानी पीते रहें। पीने का पानी उबाल कर एक अलग बर्तन में रखें और उसे ही पीएं। अगर सर्दी-जुकाम की समस्या हो तो हल्का गर्म पानी पी सकते हैं।
ताजा फलों और जूस का सेवन करें
अगर शुगर न हो तो ताजा फलों और जूस का सेवन करें। उन फलों का ज्यादा इस्तेमाल करें, जिनमें विटामिन सी ज्यादा होता है। संतरा, मौसमी, अंगूर, अमरूद, पपीता और मौसमी फल खाएं। किवी भी खा सकते हैं। फलों को ठीक से धोने के बाद ही खाएं। अगर फल ज्यादा मात्रा में नहीं खा सकते तो उनका जूस निकाल कर पी सकते हैं। कई फलों का मिक्स जूस ज्यादा फायदेमंद होगा।
कोरोना से मरने वालों में 7 वृद्ध
सेक्टर 18 की 83 साल की वृद्धा, हल्लोमाजरा निवासी 35 साल का युवक, बापूधाम निवासी 45 साल का पुरुष, डड्डूमाजरा की 3 दिन की नवजात, सेक्टर 30 की 80 साल की वृद्धा, बापूधाम का 60 साल का वृद्ध, सेक्टर 16 का 80 साल का वृद्ध, सेक्टर 52 में 40 साल का पुरुष, धनास का 50 साल का पुरुष, सेक्टर 46 डी की 52 साल की महिला, सेक्टर 19 में 78 साल का वृद्ध, रामदरबार में 55 साल की महिला, मौलीजागरां निवासी 61 साल की वृद्धा और सेक्टर-38 निवासी 67 साल के वृद्ध की कोरोना पॉजिटिव होने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई।