हरियाणा में चोरी के वाहन अब पुलिस की नजर से नहीं बच पाएंगे। उन्हें मौके पर पकड़ा जा सकेगा। इसके लिए हरियाणा की यातायात पुलिस को टैबलेट उपलब्ध करवाए गए हैं।
इनमें वाहन नंबर फीड करते हुए वाहन से संबंधित पूरी जानकारी मौके पर ही उपलब्ध हो जाएगी। पुलिस विभाग के प्रवक्ता ने बताया कि यातायात पुलिसकर्मियों को उपलब्ध करवाए गए टैबलेट को अपराध शाखा के सर्वर से जोड़ा गया है।
उन्होंने बताया कि इस टैबलेट की मदद से पुलिस मुलाजिम किसी भी संदिग्ध वाहन की पूरी जानकारी वाहन नंबर से प्राप्त कर सकेंगे।
यदि वाहन चोरी का हुआ तो सर्वर से तुरंत जानकारी मिल जाएगी और संदिग्ध वाहन को मौके पर ही काबू किया जा सकेगा। उन्होंने बताया कि इससे पहले गाड़ियों की चेकिंग के दौरान चोरी या तस्करी की गाड़ियों की पहचान या जांच पड़ताल के लिए लंबी प्रक्रिया से गुजरना पड़ता था।
हरियाणा पुलिस द्वारा यातायात पुलिस को आधुनिक तकनीक से जोड़कर और अधिक सक्षम बनाया गया है ताकि चोरी के वाहनों को आसानी से पकड़ा जा सके।