अगले साल नई दिल्ली में गणतंत्र दिवस पर होने वाली परेड में चंडीगढ़ की झांकी को भी शामिल किया जाएगा। 13 साल से गणतंत्र दिवस परेड में चंडीगढ़ की झांकी नहीं निकल रही थी।
केंद्रीय रक्षा मंत्रालय ने चंडीगढ़ प्रशासन को परेड में झांकी निकालने की मंजूरी दे दी है। नई दिल्ली में हुई बैठक में चंडीगढ़ प्रशासन की ओर से परेड में झांकी निकालने के रखे गए प्रस्ताव को स्वीकार कर लिया गया। बैठक में चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों ने भी हिस्सा लिया।
झांकी का थीम रॉक गार्डन होगा। प्रशासन ने झांकी के लिए रॉक गार्डन के दो अलग-अलग थ्री डी इमेज मंत्रालय को मंजूरी के लिए भेजे थे। इसमें से एक में रॉक गार्डन के वाटर फॉल को मुख्य तौर पर दिखाया गया है।
इसमें कांच की चूड़ियों वाली मूर्तियों और टूटे हुए मटकों को भी दिखाया गया है। झांकी में चंडीगढ़ का प्रतीक ओपन हैंड भी शामिल होगा। इस पर अब अंतिम फैसला 21 नवंबर को होने वाली बैठक में होगा। इसके बाद झांकी को तैयार करने का काम शुरू कर दिया जाएगा।
13 साल पहले तक परेड में नियमित तौर पर चंडीगढ़ की झांकी निकलती थी। हर साल झांकी का थीम अलग होती थी। इसके बाद चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों ने इसमें रुचि लेना बंद कर दिया था।
प्रशासन में कई अधिकारी आए और चले गए। लेकिन, किसी ने भी इस तरफ ध्यान नहीं दिया। इस साल गणतंत्र दिवस परेड में 14 राज्यों की झांकियां प्रदर्शित हुई थीं। इनमें पंजाब और हरियाणा की झांकियां भी नहीं थीं। उत्तर भारत से सिर्फ हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की झांकियां परेड में नजर आई थीं।