मोहाली में एक से पंद्रह अक्तूबर तक स्वच्छता मिशन के तहत सफाई पखवाड़ा मनाया जाएगा। इसको लेकर एडिशनल डिप्टी कमिश्नर भूपिंदर सिंह की अगुवाई में शुक्रवार को अधिकारियों की मीटिंग हुई। साथ ही सफाई पखवाड़े की तैयारियों के बारे में योजना तैयार की गई। एडीसी ने कहा कि इस काम को पूरी निष्ठा और सहयोग से किया जाएगा।
इस दौरान अधिकारी अपने घर से दफ्तर व आसपास की सफाई से लेकर गांवों, कस्बों व शहरों की गलियां, नालियां, स्कूलों, कॉलेजों, अस्पतालों व सार्वजनिक स्थानों की सफाई की प्रति विशेष ध्यान दे। उन्होंने अधिकारियों से स्पष्ट कहा कि यह आदेश केवल कागजों तक ही सीमित न रह जाए। बल्कि इन्हें असल में अमलीजामा पहनाया जाए।
उन्होंने जिला शिक्षा अधिकारियों को इस दौरान स्कूलों में पोस्टर मेकिंग, पेंटिंग व भाषण मुकाबले करवाने के निर्देश दिए। सुबह की प्रार्थना सभा में भी बच्चों को इस बारे जागरूक करने को कहा। इस दौरान किए जाने वाले काम की रोजाना रिपोर्ट भी उन्हें दी जाएगी। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के अधिकारी इस मुहिम के दौरान खुद भी हिस्सा ले।
सफाई पखवाड़े में बढ़िया काम करने वाले मुलाजिमों व अधिकारियों को विशेष तौर पर सम्मानित किया जाएगा। इस मौके पर जिला सेक्रेटरी परिषद रविंदर सिंह संधू, जिला प्रोग्राम अफसर सुखदीप सिंह, कार्यकारी इंजीनियर जन सेहत विभाग सुखविंदर सिंह पंधेर, ब्लॉक विकास व पंचायत अफसर बलजिंदर सिंह गरेवाल समेत कई अधिकारी मौजूद थे।