स्वच्छता सर्वेक्षण-2019 में देश भर में हरियाणा नौंवे स्थान पर रहा। वहीं टॉप 100 में इस बार प्रदेश के चार शहर रहे। अन्य शहरी क्षेत्रों की रैंकिंग भी पहले की तुलना में सुधरी है। नगर पालिकाओं की संख्या में बढ़ोतरी और प्रतिस्पर्धा बढ़ने के बावजूद हरियाणा ने बेहतरीन प्रदर्शन किया है। 2018 में हुए सर्वेक्षण में राज्यों में दसवें स्थान पर रहा हरियाणा वर्तमान सर्वेक्षण में एक पायदान के सुधार के साथ नौवें स्थान पर पहुंच गया है। 25 से 50 हजार आबादी वाले क्षेत्रों में उत्तर भारत में असंध ने सर्वश्रेष्ठ पुरस्कार जीता है।
नगर निगम करनाल की रैंकिंग 41 में सुधरकर 24, नगर निगम रोहतक की रैंकिंग 89 से सुधरकर 69, नगर निगम पंचकूला की रैंकिंग 142 से बेहतर होकर 71 और गुरुग्राम नगर निगम की रैंकिंग 105 से सुधरकर 83 हो गई है। नगर निगम अंबाला की रैंकिंग 159 से 146, नगर निगम पानीपत की रैंकिंग 255 से 188, नगर निगम यमुनानगर की रैंकिंग 313 से 218 पर पहुंची है। बीते साल सर्वेक्षण में 100 स्वच्छ शहरों में हरियाणा के दो नगर निगमों को स्थान मिला था, जबकि इस बार चार निगम शामिल हुए हैं।
शहरी निकाय विभाग के अधिकारियों को किया पुरस्कृत
बुधवार को नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में केंद्रीय आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री हरदीप पुरी ने हरियाणा शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों को बेहतर प्रदर्शन के लिए पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने अधिकारियों और पालिकाओं द्वारा स्वच्छता रैंकिंग में सुधार के प्रयास के लिए की गई मेहनत की सराहना की और आमजन के समर्थन पर आभार जताया।
करनाल को इसलिए मिली अच्छी रैंकिंग
सिटीजन फीडबैक: शहर के 7 हजार 154 नागरिकों ने स्वच्छता के संबंध में अपना फीडबैक दिया। सिटीजन फीडबैक 1250 में से 1000.92 अंक मिले।
जोन : पिछले साल शहर की सफाई को लेकर तीन जोन बनाए गए थे। इस बार शहर को चार जोन में बांटा गया और हर जोन की साफ-सफाई का अलग ठेका दिया गया।
निगरानी : निगम की ओर से सफाई को लेकर हर अधिकारी व कर्मचारी की ड्यूटी लगाई गई। सुबह, दोपहर और शाम को अलग-अलग अधिकारियों ने निगरानी रखी।
चार दृष्टिकोण से से नापी गई शहरों की स्वच्छता
प्रदेश में 31 जनवरी तक स्वच्छता सर्वेक्षण अभियान चला। इसमें चार दृष्टिकोण से शहरों की सफाई व स्वच्छता मापी गई। इसमें कुल पांच हजार अंक थे, जिसमें से सिटीजन फीडबैक, डायरेक्ट ऑब्जर्वेशन, सर्विस लेवल प्रोग्रेस और सर्टिफिकेशन शामिल है।
स्वच्छता को दिनचर्या में करें शुमार : जैन
शहरी स्थानीय निकाय मंत्री कविता जैन ने स्वच्छता सर्वेक्षण-2019 में बेहतर प्रदर्शन पर नागरिकों का आभार जताया है। उन्होंने भविष्य में भी स्वच्छता को अपनी दिनचर्या में शुमार करने का आह्वान किया, ताकि हरियाणा को सबसे स्वच्छ प्रदेश बनाया जा सके। जैन ने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान में आमजन की भागीदारी के साथ प्रदेश ने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है।