जम्मू, पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में अलर्ट
- फोटो : Reuters
जम्मू से संदिग्ध आतंकी हरियाणा की ओर बढ़ रहे हैं। इसके चलते पूरे इलाके में अलर्ट घोषित कर दिया गया है। तीन कारों की तलाश की जा रही है। आतंकी घटना की आशंका के मद्देनजर पंजाब, हरियाणा और दिल्ली की खुफिया एजेंसियां इन तीन कारों की तलाश में हैं, जिनमें आतंकी जम्मू से वाया पठानकोट पंजाब आ रहे हैं। ये आतंकी पंजाब से वाया हरियाणा और दिल्ली की ओर बढ़े हैं।
इंटेलिजेंस की इस सूचना के बाद जम्मू, पंजाब, हरियाणा व दिल्ली में अलर्ट भी जारी किया गया है। इस सूचना से यहां अंबाला स्थित लोकल मिलिट्री अथॉरिटी को भी अवगत करवा दिया गया है। इसके मद्देनजर यहां पूरे सैन्य क्षेत्र में अलर्ट जारी कर दिया है और खुफिया विभाग व सेना पुलिस ने इलाके की चौकसी भी बढ़ा दी है। सेना में आने वाले व सैन्य क्षेत्र से गुजरने वाले हर वाहन पर पैनी नजर रखी जा रही है।
अंबाला की सिविल पुलिस व रेलवे पुलिस भी इस तरह पूरी तरह से मुस्तैद है और संदेह होने पर वाहनों की चेकिंग अभियान भी चला रही है। सैन्य सूत्रों के अनुसार विगत दिनों केंद्रीय खुफिया एजेंसियों से ये अलर्ट जारी किया गया था। इसमें ये बताया गया था कि जम्मू से वाया पठानकोट कुछ संदिग्ध लोग तीन कारों में पंजाब में घुसे हैं, जो आतंकी हो सकते हैं। पंजाब में आने के बाद ये कारें दिल्ली की ओर बढ़ी हैं। इसलिए फिलहाल खुफिया एजेंसियों, सेना व पुलिस को इन तीनों कारों व संदिग्ध आतंकियों की तलाश है।
दो दिन पहले सैन्य कांप्लेक्स में घुसा था संदिग्ध
इस इनपुट के बाद सेना ज्यादा अलर्ट चल रही है। पिछले दिनों एक संदिग्ध युवक अंबाला के संवेदनशील सैन्य क्षेत्र के फाफा (फील्ड एरिया फैमिली अकॉमोडेशन) कांप्लेक्स में घुस गया। ये युवक आधी रात फाफा कांप्लेक्स की दीवार फांदकर भीतर घुसा था। लेकिन चौकस सेना के हथियार बंद जवानों ने अपना मोर्चा संभालते हुए उसे तुरंत काबू कर लिया। बाद में सेना व खुफिया विभाग ने उसे पूरी तरह से इंटेरोगेट किया और इलाका पुलिस के हवाले कर दिया।
बाद में ये बात सामने आई कि युवक ने शराब पी रखी थी और वे यमुनानगर का रहने वाला था। इसी तरह पिछले माह एक नेपाली युवक अंबाला के एयरफोर्स स्टेशन के भीतर दीवार फांदकर घुस गया। उसे भी एयरफोर्स अथॉरिटी ने पकड़कर इलाका पुलिस को सौंप दिया था। जबकि इसी तरह विगत माह ही एक संदिग्ध को सेना ने अपने अति संवेदनशील यूनिट के पास से काबू किया था। उसके पास नक्शा, बायनोकूलर, कैमरे वाली वीडियोगेम, सिगनल ग्रिड व अन्य सामान बरामद हुआ था।
इसलिए इस इनपुट को लेकर भी अंबाला सेना पूरी तरह से अलर्ट है। उल्लेखनीय है कि उत्तर भारत का सबसे बड़ा सेना का बेस कैंप व एयरफोर्स स्टेशन और हरियाणा का सबसे बड़ा रेलवे स्टेशन अंबाला में ही है। इसलिए अंबाला भी आतंकियों के टारगेट पर रहता है। दूसरी ओर पानीपत व कुरुक्षेत्र में भी विगत माह ट्रेन व बसों में भी विस्फोट की घटनाएं हो चुके हैं, जिसे आतंकियों की वारदात से देखकर देखा जा रहा है।