चिकित्सा के क्षेत्र में विश्व स्तर पर काम कर रहे बेल्जियम के मेडिकवर संस्थान अब हरियाणा के रोहतक, अंबाला, करनाल व गुरुग्राम जिलों में सुपर स्पेशिएलिटी अस्पताल खोलेगी। ये अस्पताल चेरिटेबल होंगे, जिससे आमजन को बहुत फायदा होगा।
संस्थान के प्रतिनिधियों ने बुधवार को सूबे के सेहत मंत्री अनिल विज से मुलाकात की और प्रदेश में चार स्थानों पर सुपर स्पेशियलिटी चैरिटेबल अस्पताल खोलने की इच्छा व्यक्त की है। स्वास्थ्य मंत्री ने राज्य के लोगों की सुविधा के लिए उन्हें हरसंभव सहायता देने का आश्वासन दिया।
विज से संस्थान के निदेशक फेलिप वेल्सकेज के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात के दौरान कहा कि गत वर्षों में स्वास्थ्य के क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों के चलते उनके संस्थान ने हरियाणा में इस प्रकार के अस्पताल खोलने की इच्छा प्रकट की है। उन्होंने कहा कि भारत सहित पूरे यूरोप में उनके करीब 3000 सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल चल रहे हैं, जोकि मरीजों के लिए काफी उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं।
फेलिप ने कहा कि वे पहले चरण में रोहतक एवं गुरुग्राम में ऐसे अस्पताल खोलना चाहते हैं, जिसके बाद करनाल और अंबाला का चयन किया जाएगा। यह अस्पताल शतप्रतिशत चैरिटेबल होगा और गरीब एवं कमजोर लोगों को उत्कृष्ट चिकित्सका सेवा प्रदान कर सकेगा। इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों ने विज को भगवान गणेश की प्रतिमा भेंट कर स्वागत किया।