इस पर सनी ने फोन पर डॉ. जयंत से बात की और कहा कि एक मरीज को आपकी जरूरत है। किसी भी चीज की जरूरत है, वह मैं आपको उपलब्ध करवा दूंगा। पैसे की फिक्र न करें। ये सभी मरीज मेरे अपने हैं और इनका इलाज करवाना भी मेरी जिम्मेदारी है।
जब यह बिल्कुल ठीक हो जाएंगे तो मैं आपसे मिलने आऊंगा। वहीं भाजपा के प्रदेश प्रधान और सांसद श्वेत मलिक के साथ सनी देओल ने मरीजों से बातचीत की और उनके परिजनों को सांत्वना दी कि वह खुद को असहाय वह अकेला न समझें।
सनी देओल ने कहा कि उन्होंने जिला प्रशासन एवं डॉक्टरों को निर्देश दिए हैं कि इन मरीजों की देखभाल में कोई कमी न रहे। वह इन मरीजों की रिपोर्ट अस्पताल से लेते रहेंगे। सनी ने कहा कि यह घटना बेहद दुखदायी है। मैं दुखी हूं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संज्ञान में भी सारा मामला है। सनी ने कहा कि बटाला में अवैध रूप से पटाखा फैक्ट्री चल रही थी। यह दुख की बात है कि किसी ने भी इसका संज्ञान नहीं लिया। सारा सिस्टम ठीक करने के लिए मीडिया के सहयोग की जरूरत है।
सनी को देखकर खिल उठे मरीज
बटाला हादसे में जख्मी हुए लोग अब तक बेहाशी की हालत में थे। जैसे ही सनी देओल आईसीयू एवं सर्जिकल वार्ड में इन मरीजों से मिले तो इनके चेहरे खिल उठे। हादसे में बुरी तरह झुलसे एक मरीज ने तो यहां तक कह दिया कि सर! आपको अभी तक फिल्मों में देखा था, आज प्रत्यक्ष दर्शन हो गए। अब मैं बिल्कुल ठीक हूं।