मोदी, नड्डा, शाह का जताया आभार
पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सुनील जाखड़ ने कहा कि उन पर भरोसा जताने के लिए वह हमेशा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और देश के गृह मंत्री अमित शाह व पार्टी के ऋणी रहेंगे। जाखड़ ने कहा- ‘मैं हर मंच पर पंजाब के अधिकारों के लिए लड़ कर जनता के विश्वास को चुकाने की पूरी कोशिश करूंगा।’ उन्होंने पार्टी कैडर से पूरी निष्ठा से कार्य करने और प्रधानमंत्री के संदेश को पंजाब के कोने-कोने तक ले जाने का आग्रह किया।
पद संभालते ही नेताओं के साथ की पहली बैठक
सुनील जाखड़ ने पंजाब भाजपा का अध्यक्ष पद संभालने के तुरंत बाद मंगलवार को पार्टी के नेताओं की बैठक बुला ली। हालांकि यह बैठक पार्टी नेताओं के साथ औपचारिक परिचय से अधिक कुछ नहीं थी लेकिन बैठक का नजारा कुछ अलग रहा। बैठक में एक तरफ की कुर्सियों पर तो अधिकांश पुराने भाजपाई नेता बैठे दिखाई दे रहे थे और दूसरी तरफ की कुर्सियों पर वह सभी नेता बैठे थे जो पिछले पंजाब विधानसभा चुनाव के बाद कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हुए थे। वहीं, मनप्रीत सिंह बादल सभी नेताओं से बिल्कुल पीछे खामोशी से बैठे बैठक का आकलन करते दिखाई दिए।
नए प्रधान की ताजपोशी में पूर्व प्रधान गैरहाजिर
पंजाब भाजपा मुख्यालय में मंगलवार को सुनील जाखड़ की नए प्रधान के रूप में ताजपोशी के मौके पर पूर्व प्रधान अश्विनी शर्मा की गैरमौजूदगी चर्चा का विषय बनी रही। हालांकि समारोह में प्रदेश भाजपा के अधिकांश नेता हाजिर दिखाई दिए लेकिन इनमें से भी कई पूर्व मंत्रियों और पूर्व प्रधानों को मंच पर जगह नहीं दी गई थी।
पूर्व मंत्री और पूर्व प्रधान मास्टर मोहन लाल, तीक्ष्ण सूद, सुरजीत कुमार ज्याणी को मंच पर स्थान नहीं मिला बल्कि कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए कई नेताओं को मंच पर बैठाया गया था। समारोह के दौरान पूर्व प्रधान अश्विनी शर्मा के न आने को लेकर चर्चा भी हुई लेकिन बाद में शर्मा ने ट्वीट कर सफाई दी। उन्होंने ट्वीट किया कि भारतीय जनता पार्टी पंजाब के नवनियुक्त प्रधान सुनील जाखड़ को पद संभालने पर हार्दिक बधाई। सेहत खराब होने के कारण कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सका, इस बात का मुझे खेद है। उम्मीद करता हूं कि आपका अनुभव पार्टी को नई दिशा देगा।