पंजाब के सरकारी, अर्ध-सरकारी और निजी स्कूलों में शनिवार को ग्रीष्म कालीन अवकाश की घोषणा कर दी गई है। राज्य के सभी स्कूल 24 मई से 23 जून तक बंद रहेंगे। शिक्षा मंत्री विजय इंदर सिंगला ने अवकाश के दौरान भी शिक्षकों को ऑनलाइन माध्यम से विद्यार्थियों से जुड़े रहने के निर्देश दिए हैं।
सिंगला ने कहा कि कोविड-19 महामारी के कारण शैक्षिक संस्थान विद्यार्थियों के लिए पहले ही बंद कर दिए गए थे, अब एक महीने के लिए स्कूल अध्यापकों और अन्य कर्मचारियों की भी छुट्टियां कर दी गई हैं। सिंगला ने कहा कि इसी तरह विद्यार्थियों की सुरक्षा को जरूरी बनाने के लिए आवश्यक कदम उठाने के अतिरिक्त शिक्षा विभाग ने स्कूलों में शिक्षा के मानक को ऊंचा उठाने के लिए सख्त मेहनत की है, जो दाखिलों में विस्तार और नतीजों में सुधार से प्रतीत होता है।
सिंगला ने कहा कि कोविड के कारण पिछले साल से स्कूल बंद होने के बाद शिक्षा विभाग के अध्यापक मोबाइल एप्लीकेशनों और टीवी चैनलों सहित अलग-अलग ऑनलाइन माध्यमों की सहायता से विद्यार्थियों को पढ़ा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस साल भी अध्यापक सिलेबस ऑनलाइन ही मुकम्मल करने के लिए विद्यार्थियों की हर संभव सहायता कर रहे हैं। कैबिनेट मंत्री ने अध्यापकों से अपील भी की कि वह छुट्टियों के दौरान विद्यार्थियों के साथ जुड़े रहें और विद्यार्थियों और अभिभावाकों को कोरोना वायरस को रोकने के लिए सुरक्षा प्रोटोकोल की पालना करने संबंधी जागरूक करें।