मौसम का मिजाज बदलने लगा है और सिहरन भी बढ़ने लगी है। जल्दी ही अच्छी खासी सर्दी पड़ने लगेगी। दिन व रात के तापमान में 15 डिग्री का अंतर आ चुका है। रात के तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। रात्रि का तापमान पिछले 12 दिन में आठ डिग्री से ज्यादा नीचे आ चुका है। चंडीगढ़ के बाहरी इलाकों में शनिवार रात का तापमान 17.7 डिग्री दर्ज किया गया है। जबकि, अंदर के इलाकों में 17.9 डिग्री।
मौसम विभाग की ओर से दावा किया गया है। जिस तरह से रात के तापमान में गिरावट आ रही है, उस हिसाब से नवंबर के दूसरे हफ्ते तक लोगों को स्वेटर निकालने पड़ सकते हैं। इसके लिए स्थितियां भी अनुकूल बन रही है। दरअसल पूरे उत्तर पश्चिमी भारत में इस समय शुष्क हवाएं चल रही हैं, आसमान साफ होने की वजह से ये हवाएं बिना रुकावट मैदानी इलाकों में आ रही हैं।
आगे भी हवाओं का प्रवाह इसी तरह से बने रहने की उम्मीद है। इसकी वजह से इन भागों में नमी कम होगी और सुबह और रात का पारा और गिरेगा। मौसम विभाग की ओर से बताया गया है कि सर्दी का पूर्वानुमान इसी हफ्ते जारी हो जाएगा। इसमें विस्तार पूर्वक बताया जाएगा कि इस बार कितनी सर्दी पड़ेगी और कितनी लंबी पड़ेगी। लेकिन, इतना जरूर है कि पिछले साल से ज्यादा सर्दी पड़ने के चांस हैं।