सुखपाल खैरा ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
- फोटो : अमर उजाला
विधायक व पंजाब एकता पार्टी के नेता सुखपाल सिंह खैरा ने सभी पंजाबियों से अपील की है कि वह 14 अक्टूबर को काला दिवस के रूप में मनाएं, क्योंकि अभी तक बेअदबी व बरगाड़ी और बहिबल कलां के दोषी सरेआम घूम रहे हैं। खैरा ने सोमवार को प्रेस वार्ता में कहा कि श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी करने वालों और बरगाड़ी एवं बहिबल कला में गोलीकांड में मारे गए सिखों के परिजनों को अभी तक इंसाफ नहीं मिला है।
लोगों के अंदर अभी भी जख्म हरे हैं और लोगों को चाहिए कि वह 14 अक्तूबर को काला दिवस मनाएं, ताकि इंसाफ की आवाज बुलंद हो सके। उन्होंने अपील की कि सभी श्री गुरु नानक नाम लेवा संगत 14 अक्टूबर को काला दिवस मनाने के लिए बरगाड़ी में इकट्ठे होकर इंसाफ की मांग करे। उन्होंने श्री अकाल तख्त साहिब के पूर्व जत्थेदार भाई रंजीत सिंह से भी अपील की कि वह इस आंदोलन का नेतृत्व करें।