श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में पूरे राज्य में होने वाले लाइट एंड साउंड शो-कम-डिजिटल म्यूजियम का आगाज मोहली से होगा। इसके लिए सात अक्तूबर से नौ अक्तूबर तक सेक्टर-78 स्थित मल्टीपर्पस खेल स्टेडियम में समागम करवाया जा रहा है।
समागम के पहले दिन राज्य के सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह भी प्रोग्राम में शामिल होंगे। डीसी ने कहा कि गांवों में लोगों को इस शो संबंधी जानकारी देने के लिए मुनादी करवाई जाएगी ताकि लोग इसे देखने से वंचित न रह जाए।
डीसी गिरीश दयालन व एडीसी विकास आशिका जैन व एसडीएम जगदीप सहगल ने शनिवार को सेक्टर-78 स्थित स्पोर्टस कांप्लेक्स में पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। साथ ही अधिकारियों को जरूरी प्रबंध पूरे करने के आदेश दिए।
डीसी ने कहा कि सात से नौ अक्तूबर तक चलने वाला लाइट एंड शो-कम-डिजिटल म्यूजियम लोगों के लिए सारा दिन खुला रहेगा। वहीं लाइट एंड साउंड शो सिर्फ शाम के समय होंगे। दूसरे दिन सिर्फ डिजिटल म्यूजियम खुलेगा जबकि तीसरे दिन डिजिटल म्यूजियम व लाइट एंड शो होंगे।
इस मौके अतिरिक्त मुख्य प्रशासक गमाडा राजेश धीमान, सिविल सर्जन डॉ. मनजीत सिंह, सहायक कमिश्नर यशपाल शर्मा, जिला खेल अफसर सुरजीत सिंह, एसडीओ पीएसपीसीएल हरभजन सिंह कंग, सब-रजिस्ट्रार रविंदर सिंह बंसल, गमाडा से मनदीप सिंह व शो करवा रही कंपनी सीएस के डायरेक्टर हाजिर थे।
लोगों को समागम में पहुंचने का दिया न्यौता
डीसी ने सारे विभागों के अधिकारियों को आदेश दिए हैं कि समागम के लिए सारे प्रबंध तय समय से पहले पूरे किए जाए। इनमें किसी भी तरह की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने लोगों से अपील की है कि सरकार द्वारा करवाए जा रहे समागमों को देखने के लिए जरूर पहुंचे।