फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सुखना लेक को मिलेगा रामसर साइट का दर्जा: चंडीगढ़ की पहली अंतरराष्ट्रीय वेटलैंड बनेगी लेक, प्रशासक ने दी मंजूरी

Sat, 20 Sep 2025 02:33 AM IST
चंडीगढ़ ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

रामसर साइट का दर्जा मिलने के बाद सुखना लेक को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। इसका मतलब है कि लेक के संरक्षण के लिए खास ध्यान दिया जाएगा और इसे पर्यावरण के नजरिए से एक महत्वपूर्ण वेटलैंड माना जाएगा।
विज्ञापन
चंडीगढ़ की राज्य वेटलैंड अथॉरिटी की बैठक लेते प्रशासक - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चंडीगढ़ की शान मानी जाने वाली सुखना लेक की अब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनेगी। शुक्रवार को प्रशासन की वेटलैंड अथॉरिटी की बैठक हुई, जिसमें लेक को रामसर साइट घोषित करने का प्रस्ताव मंजूर किया गया। अगर यह प्रस्ताव केंद्र सरकार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पास हो जाता है तो सुखना लेक को चंडीगढ़ की पहली रामसर साइट का दर्जा मिल जाएगा।
विज्ञापन


शुक्रवार को चंडीगढ़ की राज्य वेटलैंड अथॉरिटी की चौथी बैठक पंजाब के राज्यपाल व चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक का मुख्य फोकस शहर की पहचान सुखना वेटलैंड के संरक्षण और प्रबंधन पर रहा। 

सबसे अहम फैसला यह रहा कि अथॉरिटी ने सुखना वेटलैंड को रामसर साइट घोषित करने का प्रस्ताव मंजूर कर दिया। अब प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजा जाएगा। यदि केंद्र सरकार और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसे स्वीकृति मिलती है तो यह चंडीगढ़ की पहली रामसर साइट होगी। इससे सुखना को वैश्विक स्तर पर मान्यता मिलेगी और इसके पारिस्थितिक व सांस्कृतिक महत्व को नई पहचान मिलेगी। 
विज्ञापन


प्रशासक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सुखना लेक के साथ-साथ शहर के अन्य तालाबों और जलाशयों का भी सही तरीके से संरक्षण किया जाए। बैठक में मुख्य सचिव राजीव वर्मा, गृह सचिव-कम-वन सचिव मनदीप सिंह बराड़, देहरादून के वन्य जीव संस्थान (डब्ल्यूआईआई) और डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के विशेषज्ञ मौजूद थे।

रामसर साइट बनने से लेक को मिलेगा काफी लाभ

रामसर साइट का दर्जा मिलने के बाद सुखना लेक को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी। इसका मतलब है कि लेक के संरक्षण के लिए खास ध्यान दिया जाएगा और इसे पर्यावरण के नजरिए से एक महत्वपूर्ण वेटलैंड माना जाएगा। इससे यहां आने वाले पर्यटक, पक्षी प्रेमी और शोधकर्ता भी आकर्षित होंगे। रामसर साइट्स में शामिल साइट्स के संरक्षण से जल-शोधन, बाढ़-नियंत्रण, जलवायु-संतुलन, जीव-जंतुओं की सुरक्षा और मानवीय आजीविका को मदद मिलती है। बता दें कि भारत में रामसर साइट्स की संख्या लगातार बढ़ रही है। 2025 तक 89 स्थल सूचीबद्ध हैं, जो दक्षिण एशिया में सबसे अधिक है।

सुखना को संरक्षित करने के लिए 22.5 करोड़ की बनेगी पांच साल की योजना

बैठक में वन विभाग ने लेक के संरक्षण और प्रबंधन के लिए 5 साल का एक्शन प्लान पेश किया। इस योजना में करीब 22.5 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इसमें लेक की सफाई, प्रदूषण रोकने, पानी की गुणवत्ता सुधारने, पक्षियों और जीव-जंतुओं के संरक्षण जैसे काम शामिल होंगे। इस योजना को केंद्र सरकार के पर्यावरण मंत्रालय को भेजा जाएगा, ताकि इसे राष्ट्रीय जलीय पारितंत्र संरक्षण योजना के तहत फंडिंग मिल सके। इस प्रस्ताव को विश्व वन्य जीव कोष और अन्य विभागों के सहयोग से तैयार किया गया है।

गाद हटाने और हाइट बढ़ाने का प्रस्ताव

पांच वर्षीय इंटीग्रेटेड मैनेजमेंट प्लान में लेक में जल क्षमता बढ़ाने के लिए दो विकल्प रखे गए हैं। पहला पानी का लेवल बरकरार रखते हुए गाद हटाना और दूसरा लेक की हाइट बढ़ाना है। अनुमान लगाया गया है कि अगर लेक के बांध की ऊंचाई बढ़ाई गई तो लेक की क्षमता करीब 20 प्रतिशत तक बढ़ सकती है। हालांकि 2002-03 में भी इसी तरह का काम किया गया था जब लेक के रेगुलेटरी एंड की ऊंचाई बढ़ाई गई थी और क्षमता 27 प्रतिशत बढ़ गई थी, लेकिन उस समय विशेषज्ञों ने बाढ़ के खतरे को लेकर चेतावनी दी थी।

565 एकड़ में फैली झील

सुखना लेक करीब 565 एकड़ क्षेत्र में फैली है, जबकि इसका कैचमेंट एरिया लगभग 10,395 एकड़ का है। साल 1988 में इसे राष्ट्रीय वेटलैंड घोषित किया गया था। वहीं, इसके आसपास का क्षेत्र सुखना वाइल्डलाइफ सैंक्चुरी के नाम से जाना जाता है। प्रशासन के एक अधिकारी ने कहा कि रामसर साइट बनने के बाद लेक की देखभाल और संरक्षण के लिए और भी मजबूत कदम उठाए जाएंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें