सुखना लेक चंडीगढ़ में क्रूज पर बर्थडे या एनिवर्सरी मनाने की सोच रहे हैं तो यह खबर जरूर पढ़ लिजिएगा, वरना आप पछताते रह जाएंगे। क्रूज को लेकर शहरवासियों और पर्यटकों में क्रेज नहीं दिख रहा है। यही कारण है कि चार माह में सिर्फ एक बर्थ-डे पार्टी इस क्रूज पर हुई है। क्रूज का क्रेज न होने का सबसे बड़ा कारण इसका महंगा चार्ज है। इस पर बर्थ डे या एनिवर्सरी मनाना हो तो एक घंटे का 10 हजार रुपये किराया है।
22 सीटें हैं क्रूज में, नार्मल चक्कर के 300 रुपये प्रति सीट
कमाई में इजाफा करने के मकसद से सिटको ने सुखना लेक में क्रूज को उतारा था। 22 सीट की क्षमता वाले क्रूज में सुखना के चक्कर के 300 रुपये प्रति सीट लिए जाते हैं। नॉर्मल चक्कर के लिए तो क्रूज को रिस्पांस मिल रहा है, लेकिन जन्मदिन मनाने वाली स्कीम में क्रूज फिलहाल कामयाब नहीं हो पा रहा है।
पानी कम होने के कारण गाद में फंस रहा
सुखना के कम होते जल स्तर की वजह से दो-तीन दफा क्रूज गाद में फंस भी गया था। क्योंकि रूटीन में चलने वाली बोट से इस क्रूज का साइज काफी बड़ा है। क्रूज में सोलर सिस्टम लगा है, जो दिनभर धूप में चार्ज होता रहता है और सोलर से पैदा होने वाली पावर से यह चलता है।
ट्रायल बेस पर चलाया गया
पिछले साल दिसंबर के आखिरी दिनों में क्रूज को सुखना में उतारा गया था। फिलहाल इसे चार से पांच महीने के ट्रायल पर एक कंपनी से एग्रीमेंट पर लिया गया था। सिटको का प्लान था कि अगर रिस्पांस अच्छा मिला तो क्रूज की संख्या बढ़ाई जाएगी।
सुखना को ट्यूबवेल से सप्लाई बंद
सुखना में ट्यूबवेल से पानी की सप्लाई शुरू की गई थी, जिसे अब बंद कर दिया गया है। यह निर्णय इसलिए लिया गया कि शहरवासियों को गर्मी के दिनों में पानी की किल्लत से ज्यादा न जूझना पड़े।
रेट रिव्यू करेंगे
अगर इस तरह की दिक्कत आ रही है, तो रेट का रिव्यू करके नई प्लानिंग की जाएगी।
- नवजोत कौर, सीजीएम, सिटको