कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह के होम टाउन में आयोजित सद्भावना रैली में डिप्टी सीएम सुखबीर सिंह बादल ने कैप्टन के खिलाफ जमकर भड़ास निकाली। सुखबीर ने कैप्टन को राजनीति छोड़कर दुनिया की सैर पर चले जाने की सलाह दी।
डिप्टी सीएम ने अपने चिर परिचित पंजाबी अंदाज में कहा कि कैप्टन साहब तुसी ऊंज बी देश-विदेशां दी सैरां ते ही रहंदे हों। 2017 दे चुनावां बिच तुहाडी दाल नइ गलनी, ठीक यइ होवेगा कि तुसी हुने दुनिया दी सैर ते चले जाओ, जिस बारे तुसी पंज साल सरकार चलान तों बाद जान दी गल कर रए हों।
सुखबीर ने दावा किया कि अकाली-भाजपा गठबंधन 2017 के विधानसभा चुनावों में जीत की हैट्रिक बनाएगा। उन्होंने कहा कि आज अकाली दल ने कैप्टन के किले पटियाला में बड़ी रैली करके फतेह हासिल कर ली, जबकि अकाली दल की यह रैली केवल कुछ जिलों की थी।
वहीं कैप्टन की बठिंडा रैली प्रदेश स्तरीय होने के बावजूद केवल 25 हजार लोगों की भीड़ जुटी। इससे साबित होता है कि पंजाब के लोग अकाली-भाजपा गठबंधन के साथ हैं। सुखबीर ने कैप्टन पर डराने धमकाने की राजनीति करने के आरोप लगाए।
‘कैप्टन ने अज तक डका नइ तोड़ेया’
सुखबीर ने कैप्टन पर पंजाब का माहौल खराब करने के आरोप भी लगाए। डिप्टी सीएम ने कहा कि कैप्टन ने आज तक डका नइ तोड़ेया। कैप्टन को गरीब, किसान और मजदूरों के दुख का नहीं पता, और न ही व्यापारियों की मुश्किलों की जानकारी है। कैप्टन का केवल एक सपना पंजाब में 35 साल पहले जैसा भय का माहौल पैदा करने का है।
‘महल में ही घुसे रहते हैं कैप्टन’
सुखबीर ने कैप्टन पर पंजाब का सीएम रहने के बावजूद अपने होमटाउन को नजरअंदाज करने के आरोप लगाए। डिप्टी सीएम ने कहा कि कैप्टन महलों में ही घुसे रहते हैं। उन्होंने कभी अपने हलके की सुध नहीं ली। सीएम रहे और अपने कार्यकाल में पटियाला में कोई विकास नहीं कराया। संगत दर्शनों को लेकर बादल की निंदा करने पर कैप्टन के आड़े हाथों लेते हुए डिप्टी सीएम ने कहा कि महलों में रहने वाले कैप्टन की खुद धूप में बैठने की हिम्मत नहीं। दूसरों को नसीहत देते हैं। सुखबीर ने कहा कि कैप्टन के राज पंजाब से इंडस्ट्री का पलायन हुआ, जबकि उनकी सरकार में इंडस्ट्री में निवेश किया गया।