SAD leader and Ex-Punjab minister Sucha Singh Langah
- फोटो : File Photo
दुराचार और धोखाधड़ी केस के आरोपी पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह मंगलवार को यहां की अदालत में पेश नहीं हुए। वहीं दूसरी ओर लंगाह के खिलाफ जिला गुरदासपुर की पुलिस ने 9 राज्यों में वांटेड अलर्ट जारी कर दिया है। एसएसपी जगतार सिंह भुल्लर ने इस बात की पुष्टी भी की।
एसएसपी ने बताया कि पत्र जारी कर पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उतर प्रदेश, उत्तराखंड और जम्मू कश्मीर पुलिस को अलर्ट जारी किया गया है। उन्होंने बताया उक्त राज्यों के सभी एसएसपी, एसएचओ, सीआईए इंचार्ज को लिखा है कि अगर सुच्चा सिंह लंगाह आपके इलाके में दिखें तो उन्हें राउंड अप करे। साथ ही इसकी सूचना 97800-02601,97800-10923,01874-245396 फोन नंबरों पर दें। बता दें कि गत दिवस आरोपी लंगाह चंडीगढ़ की अदालत में आत्मसमर्पण करने गए थे। चंडीगढ़ जुडीशियल एरिया नहीं होने के कारण उन्हें वहां आत्मसमर्पण नही करने दिया गया।
इसके चलते संभावना जताई जा रही थी कि मंगलवार को वह गुरदासपुर की अदालत में पेश होंगे। दूसरी तरफ गुरदासपुर पुलिस ने अलर्ट जारी किया है, ताकि वह अदालत जाने से पहले पुलिस के हाथ लग जाए। एसएसपी ने बताया कि पुलिस अपने स्तर पर भी पूरी तरह मुस्तैद है और आरोपी पूर्व मंत्री सुच्चा सिंह लंगाह की गिरफ्तारी के लिए पूरे प्रयास किए जा रहे हैं।