पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड ने ओपन स्कूल माध्यम से परीक्षा देने वाले दसवीं और बारहवीं के विद्यार्थियों को राहत दी है। ओपन स्कूल के नियमों में कई बदलाव किए गए हैं। दाखिलों में पारदर्शिता और ठीक तरह से फीस भरना यकीनी बनाने की मंशा से दाखिला फार्म भरने की प्रक्रिया ऑनलाइन ही रखी गई है।
पिछले साल बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने साइबर कैफे से फार्म भरे थे। इनमें काफी गलतियां थीं, कई फार्म तो अधूरे ही रह गए थे। इस बार विद्यार्थियों को पहला, दूसरा व तीसरा अध्ययन केंद्र चुनने की छूट दी गई है।
अगर पहले अध्ययन केंद्र में सीटें पूरी भर गई हैं तो विद्यार्थी अपनी सहूलियत से दूसरा केंद्र चुन सकेंगे। बोर्ड की चेयरपर्सन डॉ. तेजिंदर कौर धालीवाल ने दावा किया कि इन बदलाव से विद्यार्थियों को फायदा होगा। गलती रहित दाखिला फार्म प्राप्त होंगे। विद्यार्थियों को रोल नंबर प्राप्त करने और परीक्षा में बैठने में कोई समस्या नहीं आएगी।