पटियाला के किसान की पत्नी और बेटे ने नहर में लगाई छलांग
- फोटो : अमर उजाला
पटियाला के समाना में कर्ज से परेशान होकर किसान की पत्नी और बेटे ने भाखड़ा नहर में छलांग लगा दी। गांव दीपुर का यह पूरा परिवार लाखों रुपये के कर्ज के कारण मानसिक तौर पर परेशान था। महिला का शव थोड़ी देर बाद तैरती हुए बरामद कर लिया गया, जबकि लड़के की तलाश खबर लिखे जाने तक गोताखोरों की ओर से की जा रही थी।
मामले के जांच अधिकारी सिटी समाना थाने के एएसआई जगतार सिंह ने बताया कि गांव दीपुर के रहने वाले राम कर्ण के पास सवा किल्ले जमीन है। इस पर खेतीबाड़ी करके वह मुश्किल से अपने परिवार का गुजारा करता है। साल भर पहले राम कर्ण ने अपनी बेटी की शादी के लिए बैंकों से करीब पांच लाख रुपये का लोन लिया था। इसे वह उतार नहीं पा रहा था और इस कारण पूरा परिवार ही काफी मानसिक तनाव से गुजर रहा था।
शनिवार सुबह राम कर्ण खेतों में गया हुआ था। पीछे से उसकी पत्नी सुलोचना (37) और लड़के अवतार सिंह (17) ने समाना-चीका रोड पर भाखड़ा नहर में छलांग लगा दी। अवतार सिंह ग्यारहवीं क्लास का छात्र था और गांव के स्कूल में ही पढ़ता था। सुलोचना की लाश थोड़ी देर बाद ही तैर कर ऊपर आ गई और इसे पुलिस ने गोताखोरों की मदद से बाहर निकलवा लिया। लड़के की अभी तक कोई खबर नहीं थी। खबर लिखे जाने तक उसकी तलाश गोताखोरों की ओर से की जा रही थी। मामले में 174 की कार्रवाई की गई है।