बच्चों और अध्यापकों ने की खुशी जाहिर
देश से प्यार पहले भी था लेकिन चंद्रयान-तीन के बाद भारतीय होने पर सीना और भी चौड़ा हो गया है। चंद्रयान-तीन के चांद पर सफलतापूर्वक उतरने पर बच्चों और अध्यापकों ने अपनी खुशी जाहिर की और देश के लिए इसे ऐतिहासिक पल बताया।
बड़े होकर वैज्ञानिक बन नई खोज करना चाहती हूं
बड़े होकर मैं वैज्ञानिक बन नए आविष्कार करना चाहती हूं। आज चंद्रयान-तीन को चांद पर लैंडिंग करता देख बहुत अच्छा लगा। साथ ही वैज्ञानिकों को देखकर लगा कि मैं भी एक दिन वहां बैठकर नई खोज करने में अपना योगदान दूंगी। - प्रिषा, छठी कक्षा की छात्रा।
14 जुलाई से कर रहे थे इस दिन का इंतजार
जब चंद्रयान-तीन को इसरो ने 14 जुलाई 2023 को लॉन्च किया था तब से इस दिन का इंतजार कर रहे थे। हमें डर था कि कहीं चंद्रयान-दो की तरह यह भी फेल न हो जाए लेकिन जब स्क्रीन पर चंद्रयान-तीन को सफलता से चांद पर उतरते देखा तो खुशी का ठिकाना नहीं रहा। अब घर जाकर पार्टी करेंगे। - सृष्टि, 11वीं कॉमर्स संकाय छात्रा।
चांद पर पहुंचना हमारे लिए बड़ी उपलब्धि
भारत चांद के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश है। यह सोच कर ही बहुत गर्व महसूस होता है कि दुनिया भर में सिर्फ हमारा एक देश ऐसा है जिसने चांद के उस छोर पर अपनी जगह बनाई जहां तक अभी कोई नहीं पहुंच पाया है। - सिमरन, 11वीं कला संकाय छात्रा।
लाइव प्रसारण देखने के लिए मां ने ट्यूशन से दी छुट्टी
भारतीय होने के नाते मां को चंद्रयान-तीन के लॉन्च की इतनी खुशी थी कि हम 40 दिन से इसका इंतजार कर रहे थे। इस समय हमारी ट्यूशन होती है लेकिन लाइव प्रसारण देखने के लिए मां ने ट्यूशन न जाने की छूट दे दी और भारत की उपलब्धि का साक्षी बनने को कहा। - खुशी, 11वीं कॉमर्स संकाय छात्रा।
देश के लिए कुछ ऐसा ही करना है कि सभी खुशी से झूमे
चंद्रयान-तीन का लाइव प्रसारण देखकर लगा कि जीवन में कुछ ऐसा ही करना है कि सभी उस सफलता का हिस्सा बनें और एक साथ जश्न मनाएं। इसरो के वैज्ञानिकों की मेहनत रंग लाई जिसने हमें भी बड़े लक्ष्य साधने और मेहनत करने के लिए प्रेरित किया है। - मीनाक्षी, 11वीं कला संकाय छात्रा।
बच्चों की विज्ञान के प्रति बढ़ेगी रुचि
पहले जिन बच्चों को विज्ञान में रुचि नहीं थी उनका भी इसके प्रति रुझान बढ़ेगा। बतौर भारतीय नागरिक और वैज्ञानिक शिक्षक होने के नाते यह अनुभव मेरे लिए बहुत खास है। - अमिता, विज्ञान शिक्षिका।
बच्चों के लिए खुले नए आयाम
आज भारत भर में खुशी की लहर है। भारत को अपनी उपलब्धि पर जश्न मनाता देख बच्चे भी गौरवान्वित महसूस कर रहे हैं। उनकी नन्ही आंखों में देश के लिए कुछ कर-गुजरने की भावना और चांद तक पहुंचने की चाह पक्की हो गई है। - सुमंगला, राजनीतिक विज्ञान शिक्षिका।
मोमबत्तियां जलाकर जाहिर की चंद्रयान की खुशी
चंडीगढ़ व्यापार मंडल के महासचिव कमलजीत सिंह पंछी ने चंद्रयान-3 के चंद्रमा पर सफल लैंडिंग के शुभ अवसर पर खुशी जाहिर करते हुए अपने घर की बालकनी में मोमबत्तियां जलाईं। उन्होंने इस मिशन से जुड़े सभी वैज्ञानिकों को बधाई दी। पंछी ने कहा कि इस सफल लैंडिंग मिशन के साथ भारत चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर पहुंचने वाला पहला देश बन गया है। उन्होंने कहा कि उन्हें इस उपलब्धि पर भारत के हर नागरिक को गर्व है।