छात्र-छात्राओं ने रोड किया जाम।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
जींद बस अड्डा से सभी बसे बाईपास से निकाले जाने के विरोध में बुधवार सुबह छात्र-छात्राओं ने गांव खटकड़ के निकट जींद- नरवाना मार्ग पर जाम लगा दिया। विद्यार्थियों का कहना है कि रोडवेज बसें न रुकने के कारण उन्हें अतिरिक्त किराया जींद आने के लिए देना पड़ेगा। इससे उनकी पढ़ाई पर आर्थिक बोझ भी बढ़ेगा। जाम लगने की सूचना मिलने पर उचाना थाना प्रभारी आत्माराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और विद्यार्थियों की रोडवेज महाप्रबंधक अशोक कौशिक से बातचीत करवाई। इसके बाद विद्यार्थी जाम खोलने पर राजी हो गए। लगभग आधा घंटा लगे जाम के कारण यात्रियों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
गांव खटकड़ के छात्र-छात्राओं ने बुधवार सुबह लामबंद होकर जींद-उचाना मार्ग पर पहुंचे और सड़क के बीचो-बीच बैठकर जाम लगा दिया। छात्रों का कहना है कि रोडवेज बसें बाईपास से गुजारी जा रही हैं, जिसके चलते उनके स्टॉपेज पर बसों को नहीं रोका जा रहा है। गांव खटकड़ और आसपास से सैकड़ों छात्र- छात्राएं जींद पढ़ाई करने आते हैं। मगर शहर के अंदर बस के न जाने की वजह से 20 रुपये जाने और 20 रुपये आने के अतिरिक्त ऑटो वालों को देने पड़ते हैं। इससे उन पर पढ़ाई का आर्थिक बोझ भी बढ़ रहा है।
विद्यार्थियों ने मांग की है कि सभी बसों को ग्रामीण स्टॉपेज पर रोका जाए। जाम लगाने की सूचना मिलने पर उचाना थाना प्रभारी आत्माराम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने विद्यार्थियों की रोडवेज महाप्रबंधक से बातचीत करवाई और आश्वासन दिया कि सभी बसों को ग्रामीण स्टॉपेज पर रुकवाया जाएगा। इसके बाद सभी विद्यार्थियों को रोडवेज बस के माध्यम से बस अड्डा पर लाया गया। लगभग आधे घंटे लगे जाम के कारण यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।