चंडीगढ़। 20 साल के छात्र को किडनैप कर पांच लाख रुपये की रंगदारी मांगने का मामला सामने आया है। कार सवार आरोपियों ने एक लाख 30 हजार रुपये लेने के बाद पीड़ित को छोड़ दिया। सेक्टर-31 थाना पुलिस ने छात्र की शिकायत पर कार सवार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपियों की पहचान करने के लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है।
रामदरबार फेज-2 निवासी पीड़ित राहुल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह डेराबस्सी के लोंगोवाल ग्रुप ऑफ कॉलेज में बीसीए के चौथे सेमेस्टर का छात्र है। उसने बताया कि 29 अप्रैल की शाम को वह दादी को घर जा रहा था। पोल्ट्री फार्म चौक के पास शाम 7:40 बजे वह पावर ग्रिड के नजदीक खड़ा होकर ऑटो का इंतजार कर रहा था। इसी दौरान पीबी-10 नंबर की सफेद रंग की स्विफ्ट कार उसके पास आकर रुकी। कार में से तीन लोग उतरे और जबरन उसे पकड़कर कार में धकेल दिया। आरोपियों के पास पिस्टल थी। कार सवारों ने राहुल के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। राहुल ने शिकायत में कहा कि आरोपियों ने उसे ड्रग्स केस में फंसाने में की धमकी देकर जेल भेजने की धमकी दी। उसे छोड़ने के लिए 5 लाख रुपये की रंगदारी मांगी।
बहन ने किया एक लाख 30 हजार का इंतजाम
राहुल ने आरोपियों के चंगुल से बचने के लिए अपनी बहन शारदा को कॉल किया। उसने बहन को तुरंत पैसों का इंतजाम करने के लिए कहा। शारदा ने करीब दो घंटे में पैसों का इंतजाम कर खरड़ में एक फ्लाईओवर के पास आरोपियों को पैसे पहुंचा दिए। इसके बाद उन्होंने राहुल को छोड़ दिया। छोड़ने के दौरान आरोपियों ने पीड़ित को पुलिस में शिकायत देने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। डरे हुए राहुल ने घर पहुंचकर बहन को घटना की पूरी जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने तुरंत घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहुल के बयान दर्ज कर किडनैपिंग, रंगदारी, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया।