चंडीगढ़। सेक्टर 41/सी में नॉन मेडिकल की कोचिंग करने वाले 17 वर्षीय छात्र ने कमरे में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय उसकी दोनों बहनें अस्पताल गई थीं। मृतक की पहचान मूलरूप से जिला किन्नौर (हिमाचल प्रदेश) निवासी हंस के रूप में हुई है। सेक्टर-39 थाना पुलिस ने सीआरपीसी की धारा 174 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।
घटना मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे की है। पुलिस को सूचना मिली कि सेक्टर 41/सी स्थित एक मकान में छात्र ने फंदा लगाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र को फंदे से उतारकर जीएमएसएच-16 पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक का नाम हंस था और वह मोहाली स्थित एक प्राइवेट इंस्टीट्यूट से नॉन मेडिकल की कोचिंग ले रहा था। हंस और उसकी दो बहनें पिछले काफी समय से चंडीगढ़ के सेक्टर 41/सी में किराए के मकान में रह रहे थे। दोपहर को उसकी बहन की तबीयत बिगड़ने पर दोनों बहनें नजदीकी अस्पताल में चेकअप करवाने के लिए चली गईं। थोड़ी देर बाद जब दोनों घर लौटीं तो हंस को पंखे के सहारे फंदे से लटका देखा। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआती जांच में घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है।
बॉक्स
पढ़ाई में कमजोर हो गया था हंस
पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद दोनों बहनों का बयान दर्ज किया गया, जिसमें उन्होंने बताया कि हंस ग्यारहवीं का छात्र था। पहले वह पढ़ाई में काफी तेज था, लेकिन ऑनलाइन पढ़ाई के कारण वह काफी कमजोर हो गया था। इस कारण वह दुखी रहता था। हंस ने किन कारणों से मौत को गले लगाया है अभी तक यह साफ नहीं हो सका है। दूसरी तरफ, पुलिस का कहना है कि शव को अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया गया है, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।