पेंटिंग ऐसी जो हर किसी का दिल जीत ले, स्वाद ऐसा जो मन मन ललचाए। यह है सिटको और चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा आयोजित चंडीगढ़ स्ट्रीट फेस्टिवल का नजारा।
फेस्टिवल के दूसरे दिन बड़ी संख्या में सुखना लेक पर लोग उमड़े। कलाकारों द्वारा बनाई पेंटिंग को बड़े ही ध्यान से देखते हुए यहां आए राजेश ने कहा कि ये बेहतरीन पेंटिंग्स हैं। वह भी अब पेंटिंग क्लास ज्वाइन करेंगे। सेक्टर-18 से आए रविंदर सिंह ने कहा कि यहां आकर संडे की छुट्टी मस्ती से बीती।
कार्टून कैरेक्टर का कोना भी
स्ट्रीट फेस्टिवल में एक जगह ऐसी थी जहां केवल नन्हे मुन्नो की भीड़ इकट्ठा थी। फेयर में मशहूर कार्टून कैरेक्टर डोनाल्ड डक मौजूद था वह बच्चों के आकर्षण का केंद्र था। इसके साथ मिक्की माउस भी था जिसे देखकर बच्चे खुशी से फूले नहीं समा रहे थे। इसमें आर्ट वर्क भी खूब रहा। यहां लाइव पेंटिंग, स्केचिंग आर्ट, सैंड आर्ट, थ्री-डी रंगोली, फेस पेंटिंग और टैटू मेकिंग जैसे कई आर्ट मौजूद थे।