कालका शताब्दी एक्सप्रेस ट्रेन पर पथराव
एक बार फिर शताब्दी एक्सप्रेस पर पथराव करने का मामला सामने आया है। इस बार कालका से दिल्ली के बीच चलने वाली शताब्दी ट्रेन को निशाना बनाया गया है। इस घटना में शताब्दी एक्सप्रेस का शीशा टूट गया और इसमें सवार यात्रियों में हड़कंप मच गया। जीआरपी ने इस मामले में शताब्दी में तैनात आरपीएफ जवान की शिकायत पर फिलहाल अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
जीआरपी थाना प्रभारी अमन कुमार ने बताया कि कालका-शताब्दी एक्सप्रेस जब धूलकोट और दप्पर स्टेशन के बीच से गुजर रही थी, तभी अचानक एक बड़ा पत्थर शताब्दी एक्सप्रेस के शीशे लगा। इस दौरान ट्रेन में बैठे यात्री एकदम से घबरा गए और इसकी सूचना ट्रेन में मौजूद गार्ड और जवानों को दी गई। ट्रेन जब अंबाला पहुंची तो आरपीएफ जवान ने इसकी सूचना जीआरपी को दी।
जीआरपी ने ट्रेन के टूट शीशे का मुआयना किया और यात्रियों से भी पूछताछ की। इस पूछताछ में ये बात सामने आई कि ये वारदात अंबाला सिटी के धूलकोट और निकटवर्ती दप्पर स्टेशन के बीच हुई है। फिलहाल आरपीएफ जवान की शिकायत पर केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जीआरपी प्रभारी ने बताया कि इस मामले की जांच शुरू कर दी गई है।