डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि आरोपी अपनी मोटरसाइकिल पर खेप की डिलीवरी करने जा रहा था, तब पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर ट्रैप लगाकर दबोचा। राज्य विशेष ऑपरेशन सेल (एसएसओसी) अमृतसर को सूचना मिली थी कि राजवंत सिंह राजू ने हाल ही में तस्करी के हथियारों और नशीले पदार्थों की एक खेप प्राप्त की है और वह अटारी-अमृतसर रोड के खुरमनियां मोड़ के पास एक पार्टी को इसकी डिलीवरी देने जा रहा है। एसएसओसी अमृतसर की पुलिस टीम ने निर्धारित क्षेत्र की घेराबंदी की और आरोपी राजवंत को हथियारों की खेप के साथ गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी पाकिस्तानी तस्कर राणा दयाल के सीधे संपर्क में था, जो ड्रोन और अन्य माध्यमों से भारत में हथियारों और नशीले पदार्थों की बड़ी खेप पहुंचाता है। आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि उसकी पिछली तस्करी गतिविधियों का पता लगाया जा सके।
एआईजी एसएसओसी अमृतसर सुखमिंदर सिंह मान ने बताया कि प्रारंभिक जांच के दौरान पता चला है कि राजवंत सिंह काफी समय से पाकिस्तानी तस्कर राणा दयाल द्वारा भेजी गई नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की खेप प्राप्त कर रहा था। तस्करी के हथियार स्थानीय खरीदारों को बेचने के लिए मंगवाए गए थे। इस संबंध में थाना एसएसओसी अमृतसर में मामला दर्ज किया गया है। आरोपी को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा।