चंडीगढ़। मनीमाजरा रेलवे लाइट प्वाइंट स्थित रेलवे ब्रिज के पास तेजरफ्तार कार ने मां और बेटी को टक्कर मार दी। हादसे में मां और नाबालिग बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। पुलिस ने दोनों को सेक्टर-32 के अस्पताल में भर्ती करवाया। मनीमाजरा पुलिस ने रामदरबार निवासी महिला की शिकायत पर आरोपी चालक के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया। हालांकि बाद में आरोपी को जमानत पर छोड़ दिया गया। आरोपी की पहचान सहारनपुर के गोबिंद नगर निवासी राघव धंज के रूप में हुई है।
रामदरबार निवासी महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपनी 17 वर्षीय बेटी के साथ पैदल रेलवे लाइट प्वाइंट के नजदीक रेलवे ब्रिज के पास पैदल जा रही थी। इस दौरान तेजरफ्तार कार ने टक्कर मार दी। इससे सड़क पर गिर पड़ीं। पुलिस ने सेक्टर-32 के अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने गाड़ी नंबर के आधार पर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।