यूपी, बिहार, हरियाणा और पंजाब के यात्रियों के लिए खुशखबरी है। रेलवे दिवाली और छठ पूूजा के अवसर पर स्पेशल ट्रेन चलाने जा रहा है। दरअसल, रेलवे यात्रियों के लिए दो स्पेशल ट्रेनें चलाएगा। 04914/13 अंबाला कैंट-सहरसा स्पेशल ट्रेन अंबाला कैंट से 28 अक्तूबर, तीन नवंबर व आठ नवंबर को चलेगी जबकि सहरसा से 30 अक्तूबर, पांच नवंबर व 10 नवंबर को चलेगी। ट्रेन यमुनानगर, सहारनपुर, बरेली, लखनऊ, सुलतानपुर, वाराणसी, पटना, बरौनी, बेगुसराए, खडिया होते हुए सहरसा जाएगी।
इसके अलावा 04918-17 जालंधर-कटिहार स्पेशल ट्रेन दो बार चलेगी। जालंधर से ट्रेन चार और आठ नवंबर को चलेगी जबकि सहरसा से ट्रेन पांच और नौ नवंबर को चलेगी। बीच मार्ग में ट्रेन लुधियाना, अंबाला कैंट, यमुनानगर, सहारनपुर, मुरादाबाद, बरेली, सीतापुर कैंट, गोंडा, बस्ती, गोरखपुर, सीवन, छपरा, हाजीपुर, बरौनी, खडगिया होते हुए कटिहार जाएगी।
अंबाला-सहारनपुर पैसेंजर कल रहेगी रद्द
रेल मंडल द्वारा विभिन्न स्थानों पर मरम्मत कार्य के लिए रविवार को चार घंटे के लिए ब्लॉक लिए जाएंगे। इस वजह से कई ट्रेनें प्रभावित होंगी। रेलवे द्वारा अंबाला-लुधियाना डाउन लाइन, अंबाला-सहारनपुर डाउन लाइन और अंबाला-कालका रेलमार्ग पर ब्लॉक लिया जाएगा। ब्लॉक की वजह से अंबाला-सहारनपुर पैसेंजर ट्रेन नंबर 64502 रविवार को रद्द रहेगी।
इसके अलावा 12920 कटरा-इंदौर मालवा एक्सप्रेस, 11058 दादर एक्सप्रेस और 22552 जालंधर-दरभंगा एक्सप्रेस निर्धारित समय से लेट होंगी। ब्लाक की वजह से ट्रेन नंबर 22430 पठानकोट-दिल्ली एक्सप्रेस, 12380 अमृतसर-सियालदहा एक्सप्रेस, 22552 जालंधर-दरभंगा एक्सप्रेस और 12752 जम्मू-नांदेड हमसफर एक्सप्रेस साहनेवाल-न्यू मोरिंडा-चंडीगढ़ रेलमार्ग पर डायवर्ट होंगी।