चंडीगढ़ से प्रवासी मजदूरों का पलायन जारी
- फोटो : अमर उजाला
कोरोना के कारण लगे लॉकडाउन में सिटी ब्यूटीफुल में फंसे बिहार और यूपी के श्रमिकों को लेकर स्पेशल श्रमिक ट्रेन मंगलवार को रवाना हुई है। पिछले दो दिनों से बिहार और यूपी के श्रमिकों को यूटी प्रशासन की ओर से उनके प्रदेश भेजा जा रहा है। 24-24 कोचों की इन दोनों ट्रेनों में बिहार और यूपी के अलग-अलग जिलों और शहरों के श्रमिक शामिल हैं।
मंगलवार देर शाम को यह ट्रेन रवाना होने से पहले इन श्रमिकों की चंडीगढ़ के आईएसबीटी में स्क्रीनिंग की गई और इसके बाद 48 बसों से इन्हें चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन पर बारी-बारी से लाया गया। इस दौरान कोरोना से बचाव के लिए सभी मानकों का पूरा ध्यान रखा गया। इसके बाद यहां से एक ट्रेन में 1188 श्रमिकों को चंडीगढ़ से भेजा गया है।
बता दें कि चंडीगढ़ से दोपहर 2 बजे भागलपुर के लिए मजदूरोें को लेकर श्रमिक स्पेशल ट्रेन निकली है। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय पर रवाना हुई है। इसके प्रत्येक कोच में 54 श्रमिक सवार थे और कुल 1188 यात्री गए। वहीं दूसरी ट्रेन रात 9 बजकर 24 मिनट पर चली और इसमें भी 1188 यात्री सवार थे। यह ट्रेन अपने निर्धारित समय से एक घंटा 24 मिनट देरी से रवाना हुई।
मंगलवार को यूटी प्रशासन ने रखा कोरोना सेफ्टी मानकों का पूरा ध्यान
मंगलवार को यूटी प्रशासन ने श्रमिकों को भेजने के लिए कोरोना सेफ्टी के सभी मानकों का पूरा ध्यान रखा। दरअसल सोमवार को यूटी गेस्ट हाउस से श्रमिकों के लिए आने वाला खाना लाने वाले कर्मचारी बिना ग्लव्ज के रेलवे स्टेशन पर खाना पहुंचा रहे थे। कई के ग्लव्ज फटे हुए थे। इसके अलावा पानी के हैंड फ्री नलकें भी नहीं लगे थे। इस मामले को अमर उजाला ने मंगलवार को माई सिटी संस्करण में प्रमुखता से उठाया था। जिसके बाद प्रशासन हरकत में आया और सभी सावधानियां बरती गईं।
भागलपुर जाने के बाद किया जाएगा क्वारंटीन
चंडीगढ़ से भागलपुर पहुंचने के बाद वहां के स्थानीय प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में इन इन सभी श्रमिकों को अलग-अलग रूट पर जाने वाली बसों में बैठाकर क्वारंटीन होम के लिए भागलपुर स्टेशन से भेजा जाएगा। इससे पहले सभी का प्लेटफार्म पर रजिस्ट्रेशन होगा और थर्मल स्क्रीनिंग की जाएगी।
चंडीगढ़ से सभी श्रमिकों के हाथ पर मुहर लगाई है। इसकेबाद खाने के पैकेट, मास्क और पानी की बोतल देकर भेजा गया है। हरदोई पहुंचने वाले श्रमिक भी स्क्रीनिंग के बाद किए जाएंगे क्वारंटीन हरदोई जिला प्रशासन ने भी रेलवे स्टेशन पर तैयारियां पूरी कर ली हैं। बुधवार को स्टेशन पर स्वास्थ्य विभाग की टीम प्रवासी मजदूरों की स्क्रीनिंग करेगी। स्टेशन पर 50 से ज्यादा बसों में बैठाकर इन्हें क्वारंटीन होम भेजा जाएगा। कोरोना संदिग्धों के सैंपल लिए जाएंगे। यह जानकारी मोहाली से हरदोई जाने वाले एक श्रमिक ने दी है।