सुखना लेक पर किराए पर मिलेगी साइकिल
साइकिल लवर्स और पर्यटकों के लिए अच्छी खबर है। अब साइकिल रेंट पर लेने के लिए इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। प्रशासन ने साइकिलिंग को बढ़ावा देने के लिए सुखना के मेन एंट्रेंस पर साइकिल स्टैंड बनाया है। इस स्टैंड से कोई भी अपनी मन पसंद साइकिल रेंट पर लेकर शहर की खूबसूरती का मजा ले सकता है। पूरे दिन के लिए साइकिल का 200 रुपये किराया देना होगा।
इसके अलावा 2 हजार रुपये की सिक्योरिटी राशि भी जमा करानी होगी जो साइकिल लौटाने के बाद वापस मिल जाएगी। कुछ घंटे के लिए भी साइकिल किराये पर मिल सकती है। इसके लिए 100 रुपये चुकाने होंगे। इससे पहले भी सुखना लेक पर साइकिल रेंट पर मिलती थी। लेकिन साइकिल स्टैंड लोगों को नजर नहीं आता था।
सुखना पहुंचने वाले पर्यटकों को आसानी से साइकिल स्टैंड दिख जाए इसलिए इसे मेन एंट्रेंस पर झूलों के पास ही बनाया गया है। इस साइकिल स्टैंड से विदेशी पर्यटक रोजाना साइकिल रेंट पर ले जाकर शहर को करीब से देख रहे हैं। चंडीगढ़ आने वाला हर पर्यटक सुखना लेक जरूर पहुंचता है, इसलिए प्रशासन ने साइकिल स्टैंड को सामने बनाया है।