नवरात्रों में इस बार चमचमाती लाइट्स, गुलाब-गेंदे के फूलों की खुशबू और भक्ति से ओतप्रोत गीतों से गुंजायमान होगा श्री माता मनसा देवी का परिसर। नवरात्र मेले के दौरान ऐसा ही वैभव होगा माता मनसा देवी मंदिर का। इसे देखकर सभी कहेंगे प्यारा सजा है तेरा द्वार भवानी।
श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड द्वारा अबकी नवरात्र पर देश-विदेश से आने वाले भक्तों के लिए कई नई सुविधाएं शुरू करने की योजना भी है। श्री माता मनसा देवी परिसर के चारों ओर इलेक्ट्रिक लाइट्स लगाने के लिए करीब 15 लाख रुपये खर्च होंगे। इसके लिए टेंडर किए जा चुके हैं।
इन टेंडर को जल्द खोला जाएगा। माता के दरबार में आने वाले भक्तों को धूप और गर्मी से बचाने के लिए टेंट की व्यवस्था की जा रही है। टेंट को लगाने में करीब चार लाख रुपये का खर्च आएगा। इसके साथ श्री माता मनसा देवी परिसर में छह लाख रुपये के फूल लगाए जाएंगे।
मंदिर के लिए बसों का इंतजाम
पंचकूला के श्री माता मनसा देवी मंदिर तक भक्तों को लाने ले जाने के लिए रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट और बस स्टैंड पर दो-दो बसों की व्यवस्था की जा रही है। इसके लिए श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड द्वारा छह बसों की खरीद की जाएगी। श्री माता मनसा देवी श्राइन बोर्ड के सीईओ वीजी गोयल ने कहा कि कोशिश है कि बसों की खरीदारी नवरात्र के पहले कर ली जाए।
शिव और हनुमान मंदिर का जीर्णोद्धार
पंचकूला के श्री माता मनसा देवी मंदिर में स्थित शिव मंदिर और हनुमान मंदिर का जीर्णोद्धार किया जा रहा है। श्री माता मनसा देवी बोर्ड के सीईओ वीजी गोयल ने बताया कि दोनो मंदिरों के जीर्णोद्धार के लिए राशि एक श्रद्धालु द्वारा खर्च की जा रही है।