चंडीगढ़। सेक्टर-28 के सुखना पेट्रोल पंप को लूटने की योजना बनाने वाले आरोपियों को पुलिस ने सोमवार को जिला अदालत में पेश किया। जहां से चार आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया जबकि आरोपी भुवनेश्वर का एक दिन का रिमांड हासिल किया।
आरोपियों ने पुलिस पूछताछ में बताया की वह भोले भाले लोगों को लूट का शिकार बनाते थे। चंडीगढ़ से गांव सामान लेकर जाने वाले लोगों के साथ वारदात करते थे। आरोपी अभी तक दो से ढाई सौ लोगों के साथ लूटपाट कर चुके हैं, लेकिन पीड़ित इसकी शिकायत या तो अपने गांव पहुंचकर करते थे या करते ही नहीं थे। आरोपियों ने बताया की वह यात्रियों के साथ धोखाधड़ी भी करते थे। उन्हें जल्दी रेलवे टिकट कटवाने का झांसा देकर उनका समान चोरी कर लेते थे। पुलिस के अनुसार आरोपी भुवनेश्वर के खिलाफ हैदराबाद और रोशन के खिलाफ हिसार में झपटमारी का केस दर्ज है। रोशन उस मामले में पांच साल जेल में सजा काट चुका है, लेकिन जेल से बाहर आने के बाद वह फिर से वारदातों को अंजाम देने लगा। रोशन के खिलाफ साल 2019 में केस दर्ज हुआ था।
दो कुल्हाड़ी, तलवार, देसी कट्टा, गोली और चाकू हुए बरामद
ऑपरेशन सेल ने पंचकूला के भुनेश्वर पासवान, हल्लोमाजरा के राजन सिंह उर्फ हुक्का, हल्लोमाजरा निवासी सुनील कुमार, रोशन कुमार और शिवम कुमार से दो कुल्हाड़ी, तलवार, देसी कट्टा, गोली और चाकू बरामद किए हैं। इन सामानों का इस्तेमाल वह वारदातों में इस्तेमाल करते थे। मूल रूप से आरोपी बिहार के रहने वाले हैं। जबकि आरोपी भुनेश्वर पासवान हरियाणा के बरवाला के गांव बटोर और सुनील कुमार पासवान दिल्ली के वजीराबाद का रहने वाला है। पुलिस ने लोगों से लूटे हुए कई मोबाइल भी बरामद कर लिए। ऑपरेशन सेल के प्रभारी अमनजोत सिंह को गुप्त सूचना मिली थी कि बिहार के रहने वाले कुछ लोग सेक्टर-28 सुखना पंप को लूटने की योजना बना रहे हैं। इसके बाद अमनजोत के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने सेक्टर- 28 स्थित एयरफोर्स के मकानों के पास आम के बाग में घेराबंदी कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।