किरण खेर ने अपने दम पर ही टिकट हासिल की है। वह एक अच्छी लीडर साबित होंगी। किरण खेर चंडीगढ़ की सरदारनी हैं और वह चुनाव जरूर लड़ेंगीं।
चंडीगढ़ से बीजेपी का टिकट मिलने पर किरण खेर के विरोध को लेकर मंगलवार को उनके पति अनुपम खेर ने अपनी बात रखी।
अनुपम मंगलवार को अपनी आने वाली फिल्म ‘गैंग ऑफ घोस्ट्स’ की प्रमोशन के सिलसिले में चंडीगढ़ के एक होटल में पहुंचे।
अनुपम ने कहा कि इस समय कुछ लोग उनके खिलाफ हैं लेकिन इसका यह मतलब नहीं की वह गलत हैं। कुछ लोग अलग तरीके से प्यार जताते हैं।
मंगलवार सुबह जब काले झंडे दिखाकर शहर में अनुपम खेर का स्वागत हुआ तो उन्होंने कहा कि किरण खेर को टिकट पार्टी के आला नेताओं ने दिया है।
इसलिए इस पर बहस नहीं होनी चाहिए कि वह सही उम्मीद्वार हैं या नहीं। हालांकि कुछ समय पहले मैं अन्ना के अभियान में शामिल था जिसमें अरविंद केजरीवाल भी मौजूद थे। लेकिन इसका यह मतलब नहीं की मैं आम आदमी पार्टी का समर्थक हूं।
मैं भ्रष्टाचार का विरोधी हूं और उस समय भी इंडिया अगेंस्ट करप्शन के साथ खड़ा था। किरण के लिए मैं खुलकर प्रचार करूंगा और समय-समय पर चंडीगढ़ भी आता रहूंगा।