यदि आपको ड्राइविंग लाइसेंस या आरएलए में काम है तो वहां जाने से पहले पढ़ें आपके काम की खबर। दरअसल यूटी के सेक्टर -17 स्थित रजिस्ट्रेशन एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी (आरएलए) में इंस्टाल नया साफ्टवेयर स्लो चल रहा है।
साफ्टवेयर स्लो होने के कारण डीएल, आरसी, एनओसी, हाई सिक्योरिटी प्लेट सहित अन्य कामों के लिए एक व्यक्ति को हर विंडो पर आधे घंटे लग रहा है, जबकि काम कराने के लिए नौ विंडो पर लाइन लगानी पड़ती है। इसके कारण दिन में मात्र 10 लोगों का काम ही हो पा रहा है। बुधवार को कई लोग ऐसे वहां पहुंचे थे जो छह दिन से यहां पर दौड़ लगा रहे हैं परंतु काम पूरे नहीं हुए हैं। बुधवार को 100 से अधिक लोगों का काम अधूरा रह गया।
आरएलए सेक्टर -17 ऑफिस में बीती 28 अप्रैल को सारथी 4.0 सॉफ्टवेयर इंस्टाल किया गया। इस सॉफ्टवेयर को इसलिए इंस्टाल किया गया कि वहां आने वाले लोगों को लाइन में अधिक देर नहीं लगना पडे़ और उनके काम आसानी से हो जाएं। लेकिन लोगों के आरसी, डीएल, एनओसी के डाक्यूमेंट से हस्ताक्षर स्कैन होने में 30 मिनट से अधिक समय लग जाता है। लोग घंटों लाइन में लगने के बाद निराश लौट रहे हैं।
आरएलए सेक्टर -17 ऑफिस आए सेक्टर - 17 निवासी सुधीर मलिक ने बताया कि वह हाई सिक्योरिटी प्लेट लगवाने आए थे। लेकिन एक घंटे से ज्यादा का वक्त बीत जाने के बाद भी काम पूरा नहीं हो पाया है। वहीं, सेक्टर -22 के अमित कुमार ने बताया कि वह यहां पर डीएल की फाइल जमा कराने आए थे। एक घंटे से ज्यादा का वक्त लाइन में लगे होने के बाद भी काम पूरा नहीं हो पाया है।
अमित तलवार, डायरेक्टर , रजिस्ट्रेशन एंड लाइसेंसिंग अथॉरिटी , यूटी ने बताया कि आरएलए में सॉफ्टवेयर का ट्रायल चल रहा है। इसे जल्द ही ठीक कराया जाएगा। लोगों को लाइन में अधिक देर नहीं लगना पडे़ इसलिए यह सॉफ्टवेयर यहां पर इंस्टाल किया गया है।