फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ड्रोन से हो रही नशे की तस्करी, खुलासे के बाद हुसैनीवाला बॉर्डर से सटे गांवों में बढ़ी चौकसी

Mon, 13 Jan 2020 09:08 AM IST
संजीव कुमार झा अनिल कुमार, अमर उजाला, फिरोजपुर
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
विज्ञापन
डीजीपी की ओर से पाकिस्तान से हेरोइन तस्करी के लिए ड्रोन का इस्तेमाल होने का खुलासा करने के बाद से सरहद से सटे गांवों में चौकसी बढ़ा दी गई है। जो लोग हेरोइन तस्करी के आरोपी हैं या जिन पर हेरोइन तस्करी का शक है, उन पर पैनी नजर रखी जा रही है। उल्लेखनीय है कि अगस्त और सितंबर में हुसैनीवाला बार्डर से सटे सीमांत गांव गट्टी राजोके, टिंडी वाला और बस्ती राम लाल के ऊपर पाक ड्रोनों को मंडराते देखा जा चुका है।
विज्ञापन


खुफिया सूत्रों के मुताबिक जब अगस्त-सिंतबर में हुसैनीवाला बार्डर के आसपास गांवों में ड्रोनों को देखा गया था, तब पुलिस, बीएसएफ और अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने कई घरों की तलाशी लेने के साथ खेतों को खंगाला था, लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं लगा था। ड्रोन की घटना के बाद बीएसएफ को फेंसिंग के इस तरफ कई बार हेरोइन के पैकेट जरूर बरामद हुए थे, जबकि पाक तस्कर हमेशा फेंसिंग के उस पार ही खेतों में हेरोइन के पैकेट छिपाकर चले जाते थे।

अब डीजीपी दिनकर गुप्ता ने पाकिस्तान से हेरोइन तस्करी के लिए ड्रोन के इस्तेमाल की बात कही है, जिसके बाद से सरहद पर बीएसएफ की चौकसी बढ़ाने के साथ ही आसपास के सीमांत गांवों में भी अन्य सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी रखना शुरू कर दिया है।
विज्ञापन


खुफिया एजेंसियों को शक है कि हुसैनीवाला बार्डर की तरफ सटे गांवों में रहने वाले कई तस्करों का ड्रोन से कोई न कोई संबंध जरूर है, इसलिए पाक की तरफ से ड्रोन हुसैनीवाला बार्डर से सटे गांवों के ऊपर मंडराते देखे गए थे। सतलुज दरिया में पाकिस्तानी किश्तियां भी कई बार बरामद हुई, लेकिन उस पर सवार होकर कौन आया इसके बारे में आज तक न तो बीएसएफ और न ही अन्य सुरक्षा एजेंसियां सुराग लगा पाई हैं।

सूत्रों का कहना है कि जितने भी लोग हेरोइन तस्करी का कारोबार करते हैं, वे सभी बहुत अच्छे तैराक हैं। शायद ड्रोन के जरिए दरिया में ही पैकेट फेंके गए हो, जिसके बारो में किसी सुरक्षा एजेंसी को पता ही न लगा हो। अच्छे तैराक दरिया के अंदर डुबकी लगाकर हेरोइन के पैकेट बरामद कर लेते हों।

हुसैनीवाला बार्डर की तरफ दरिया बहने के कारण तस्करों को बहुत आसानी है, क्योंकि दरिया काफी दूर तक फैला है। सीमांत बस्ती राम लाल की तरफ भी दरिया काफी दूर तक फैला है। मालूम हो कि कुख्यात तस्कर जोगिंदर सिंह उर्फ जीता की हवेली भी दरिया से बिल्कुल सटी है। कई बार तस्करों को पाकिस्तान की तरफ से दरिया के रास्ते हेरोइन व असलहा लाते हुए पकड़ा जा चुका है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें