सिक्सर किंग युवराज सिंह द्वारा वर्ल्ड कप-2007 में इंग्लैंड के खिलाफ लगातार छह छक्के लगाने के रिकॉर्ड के 13 वर्ष पूरा होने पर शनिवार को केक काटकर जश्न मनाया गया। यह कार्यक्रम डीएवी कॉलेज सेक्टर- 10 के क्रिकेट अकादमी में हुआ। इस मौके पर खासतौर पर युवराज सिंह की पत्नी हेजल पहुंची थीं। वहीं, योगराज सिंह की दूसरी पत्नी नीना, बेटा विक्टर और बेटी एमी भी मौजूद रहीं। इस खास लम्हें पर हेजल ने योगराज सिंह के चेहरे पर केक लगाकर खुशी जताई।
इस अवसर पर युवराज सिंह के पिता और कोच योगराज सिंह ने कहा कि कोविड-19 के बाद सिक्सर किंग युवराज सिंह दोबारा मैदान पर चौके छक्के लगाते हुए नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि पंजाब के खिलाड़ियों और सचिव के कहने पर युवराज सिंह पंजाब की तरफ से खेलने के लिए तैयार हो गए हैं। इसको लेकर पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन ने बीसीसीआई को पत्र लिखकर इजाजत मांगी हैं। उन्होंने कहा कि बीसीसीआई ने उनके पत्र का जवाब दे दिया हैं और कोविड-19 के बाद युवराज सिंह मैदान खेलते हुए नजर आएंगे।
युवी ने मुल्लांपुर स्टेडियम में दिखाया था जलवा, 32 गेंद में बनाए थे 100 रन
योगराज सिंह ने बताया कि पीसीए के सचिव पुनीत बाली चाहते थे कि युवी मैदान में उतरे। लेकिन युवी ने साफ मना कर दिया । इस दौरान मुल्लांपुर में एक मैच चल रहा था, तब कार्यकारिणी कमेटी के सभी सदस्य उपस्थित थे। उन्होंने कहा कि युवराज आप भी बैटिंग करो।
इसके बाद युवराज ने शुभमन गिल को कहा कि हम दोनों मैदान में उतरेंगे और पंजाब के टॉप गेंदबाजों को लगाओ और हम 20 ओवर में 200 रन करेंगे। युवी ने 32 गेंदों पर 100 रन बनाए और 3 छक्के मैदान के बाहर मारे। इसके बाद खिलाड़ियों ने कहना शुरू कर दिया की युवी ने रिटायरमेंट क्यों ले लिया।
खिलाड़ियों ने कहा कि आप हमारे कप्तान बनकर खेलो। इस पर युवराज सिंह ने कहा कि अगर मैं खेलता हूं तो एक खिलाड़ी की जगह चली जाएगी। इसके बाद योगराज ने कहा कि यदि कोई लड़का तुमसे बेहतर खेलेगा तो वह टीम में होगा नहीं तो आप ही खेलें। योगराज ने बताया कि य़ुवी ने कहा कि वह टीम में खेलेंगे, लेकिन कोई पैसा नहीं लेंगे।
कैंसर के प्रति जागरूक करने के लिए डिजिटल अभियान की शुरुआत
13वीं सालगिरह पर कैंसर के प्रति जागरूक करने के लिए एक डिजिटल अभियान की भी शुरुआत हुई। इस अभियान को चलाने का मकसद देश में कैंसर के प्रति जागरूकता करना है। युवराज सिंह इस डिजिटल अभियान का हिस्सा हैं। इस मौके पर युवराज सिंह ने कहा कि छह छक्के वाले वर्ल्ड रिकॉर्ड बनना आज भी मेरी यादों में बसा हुआ है। मेरे लिए यह दिन हमेशा ही खास है। खुद कैंसर का दंश झेल चुके युवराज सिंह ने कहा कि इस बीमारी के बारे में लोगों को जागरूक करने की जरूरत है।
समारोह के दौरान योगराज को केक खिलाते अन्य लोग।
योगराज सिंह के चेहरे पर केक लगातीं हेजल।
इस दौरान खुशी जताते हुए योगराज सिंह।